गदरपुर (ऊधमसिंह नगर), 1 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय गदरपुर-रुद्रपुर भ्रमण कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) बटालियन, गदरपुर का निरीक्षण कर आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं जवानों से संवाद करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों, उपलब्ध संसाधनों और प्रशिक्षण गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन तंत्र को अत्याधुनिक और प्रभावी बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक परिस्थितियों के कारण भूस्खलन, अतिवृष्टि, बादल फटने और अन्य प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है। ऐसे में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल जैसी संस्थाओं की भूमिका जनजीवन की सुरक्षा और आपदा के समय त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों में बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक संसाधनों, उन्नत तकनीक और बेहतर समन्वय के माध्यम से आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
एनडीआरएफ जवानों की सेवा भावना की सराहना
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ के अधिकारियों और जवानों के साहस, अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी एनडीआरएफ के जवान अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की सुरक्षा और राहत कार्यों में जुटे रहते हैं। उनका कार्य केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणादायी है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में नियमित प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरणों के उपयोग और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय को प्राथमिकता दी जाए, ताकि राहत एवं बचाव अभियान और अधिक प्रभावी बनाए जा सकें।
पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
एनडीआरएफ परिसर में मुख्यमंत्री ने पौधरोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
अधिकारियों ने दी तैयारियों की जानकारी
इस अवसर पर एनडीआरएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बटालियन की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा विभिन्न आपदा राहत एवं बचाव अभियानों की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों में उपयोग किए जाने वाले उपकरणों और व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडे, शिव अरोरा और त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, विकास शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, कमांडेंट संतोष कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी परमिंदर सिंह, डिप्टी कमांडेंट दीपक भट्ट सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और एनडीआरएफ के जवान उपस्थित रहे।



