चंडीगढ़, 12 सितंबर। पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से यूरोप से पहली बार किसी अपराधी का प्रत्यर्पण कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मोल्दोवा गणराज्य से वांछित अपराधी अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत डालम को भारत लाया है। वह जग्गू भगवानपुरिया गिरोह का अहम सदस्य बताया गया है। पंजाब पुलिस ने इसे अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी उपलब्धि बताया है।
अमृतपाल सिंह कई गंभीर मामलों में वांछित
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि अमृतपाल सिंह हत्या, हत्या के प्रयास, गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों समेत कई मामलों में वांछित था।
डीजीपी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि किसी यूरोपीय देश से पंजाब पुलिस द्वारा प्रत्यर्पण हासिल करने का यह पहला मामला है। उन्होंने इसे संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
छह महीने चला अंतरराष्ट्रीय तलाशी अभियान
गौरव यादव के अनुसार, ‘ऑपरेशन ईस्टर्न रीच’ की सफलता पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स और ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रैडिशन सेल की लगातार निगरानी तथा केंद्रीय एजेंसियों और अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के साथ करीबी समन्वय से संभव हुई। यह छह महीने तक चला खुफिया जानकारी पर आधारित अंतरराष्ट्रीय तलाशी अभियान था।
डीजीपी ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए मोल्दोवा और अजरबैजान के अधिकारियों के साथ केंद्रीय जांच ब्यूरो की अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग इकाई, गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और अन्य केंद्रीय एजेंसियों का भी आभार जताया।
‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियान में 69,703 गिरफ्तारियां
इसी बीच, पंजाब पुलिस का ‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियान शनिवार को 235वें दिन में पहुंच गया। शुक्रवार को पुलिस ने राज्यभर में गैंगस्टरों के साथियों से जुड़ी चिन्हित और मैप की गई जगहों पर 601 छापे मारे।
20 जनवरी को डीजीपी द्वारा अभियान शुरू किए जाने के बाद से सभी जिलों की पुलिस टीमें एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स के साथ मिलकर विशेष अभियान चला रही हैं।
शुक्रवार को पुलिस ने चार हथियार बरामद किए और 261 लोगों को गिरफ्तार किया। इसके साथ अभियान शुरू होने के बाद से कुल गिरफ्तारियों की संख्या 69,703 हो गई है। इसके अलावा 236 लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई। पुलिस ने अभियान के दौरान आठ घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।



