देहरादून, 01 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में नवनिर्मित नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने पार्क परिसर में पौधरोपण करने के साथ ही पार्क का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने खटीमा क्षेत्र के विकास से जुड़ी छह महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
खटीमा के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तारीकरण, वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित करने, खटीमा में स्टेडियम और क्रियाशाला के निर्माण, सर्किट हाउस के निर्माण तथा वेंडिंग जोन विकसित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खटीमा की भौगोलिक स्थिति पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलाश की ओर जाने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खटीमा में सर्किट हाउस का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तारीकरण और आवश्यक संसाधनों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की बात भी कही।
स्वच्छ और हरित वातावरण उपलब्ध कराएगा पार्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर वन ऑक्सीजन पार्क के निर्माण से क्षेत्रवासियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि पार्क को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने पार्क परिसर में महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक शौचालय बनाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि वैश्विक तापवृद्धि और जलवायु परिवर्तन की बढ़ती चुनौतियों के बीच वनों और पर्यावरण का महत्व और अधिक बढ़ गया है। विकास और पर्यावरण यानी पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक हैं।
पर्यावरण संरक्षण के साथ विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण के साथ संतुलन बनाते हुए आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इससे आने वाली पीढ़ियों के लिए रोजगार और आजीविका के स्थायी अवसर सृजित किए जा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ रही है। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों, चार्जिंग ढांचे और सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
खटीमा के विकास की सराहना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तारीकरण तथा जीर्ण-शीर्ण वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित कर नए कार्यालय के निर्माण का अनुरोध किया। उन्होंने खटीमा में नगर वन ऑक्सीजन पार्क विकसित किए जाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

