Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़ऊधम सिंह नगर न्यूज़मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने...

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुनीं जनता की समस्याएं, 27 दिव्यांगजनों और 22 वरिष्ठ नागरिकों को वितरित किए सहायक उपकरण

खटीमा, 1 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को लोहियाहेड हेलीपैड स्थित कैंप कार्यालय में जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को समयबद्ध राहत मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा ही सरकार का मूल उद्देश्य है और आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने को कहा, जिससे लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मंत्र पर कार्य कर रही सरकार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। शासन और प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक होगी, जब आम नागरिक को उसकी समस्या का समय पर और संतोषजनक समाधान प्राप्त हो। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े प्रत्येक मामले में पूर्ण पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए, जिससे जनता का सरकार पर विश्वास और अधिक मजबूत हो तथा समस्याओं का समाधान निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जा सके।

दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को वितरित किए सहायक उपकरण

जनसुनवाई कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने खटीमा कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 27 दिव्यांगजनों को कुल 77 सहायक उपकरण तथा 22 वरिष्ठ नागरिकों को 113 सहायक उपकरण वितरित किए।

वितरित किए गए उपकरणों में 11 बैटरी रिक्शा, 14 व्हीलचेयर, 18 कमोड चेयर, छह ट्राई साइकिल, 24 हियरिंग मशीन, 40 नी ब्रेस, 13 बैसाखियां, वॉकर, वॉकिंग स्टिक, सिलिकॉन कुशन तथा सीपी चेयर सहित विभिन्न सहायक सामग्री शामिल रही। मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को अधिक सुगम और सम्मानजनक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

27 दिव्यांगजनों और 22 वरिष्ठ नागरिकों को वितरित किए सहायक उपकरण
27 दिव्यांगजनों और 22 वरिष्ठ नागरिकों को वितरित किए सहायक उपकरण

स्वयं सहायता समूहों को भी मिला प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने ग्रामोत्थान रीप योजना के अंतर्गत नारी शक्ति ग्राम संगठन, गदरपुर तथा सत्यमेव जयते सीएलएफ, बाजपुर को बोलेरो वाहन की चाबी सौंपी। इसके साथ ही एकता सीएलएफ, गदरपुर को फूड वैन भी उपलब्ध कराई गई।

Also Read: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 पर सख्ती: लंबित शिकायतें एक सप्ताह में निपटाने के निर्देश, लापरवाही पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को संसाधन उपलब्ध कराने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण बढ़ेगा और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।

कार्यक्रम में दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, किशन सिंह किन्ना, गंभीर सिंह धामी, रणजीत सिंह नामधारी, मोहिनी पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, उपाध्यक्ष जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Popular Articles