उधमसिंहनगर, 27 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रुद्रपुर स्थित एक निजी विद्यालय में ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों से आए युवा विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके विचारों, सुझावों तथा भविष्य के उत्तराखंड को लेकर उनकी परिकल्पनाओं को जाना। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें मार्गदर्शन भी दिया।
युवा विद्यार्थियों की सोच को विकास से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि युवा विद्यार्थियों की ऊर्जा, सोच और विकसित उत्तराखंड के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उत्साहवर्धक है। प्रदेश की भावी पीढ़ी सशक्त, आत्मनिर्भर और जागरूक बने, यह सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं के विचार और सुझाव उत्तराखंड के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के साथ युवाओं को रोजगार, कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ‘विकसित भारत–विकसित उत्तराखंड’ के संकल्प को साकार करने के लिए शिक्षा, रोजगार, नवाचार, कौशल विकास, पर्यटन, कृषि, खेल और तकनीक सहित प्रत्येक क्षेत्र को सशक्त बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत है। युवा विद्यार्थियों के सपनों, विचारों और प्रतिभा को अवसर देकर प्रदेश को आत्मनिर्भर, सक्षम और विकसित बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जा रहा है।
विज्ञान और तकनीक में युवाओं को अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा केवल आज की शक्ति नहीं, बल्कि कल के भविष्य भी हैं। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन, विकास, नवाचार तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन क्षेत्रों को मजबूत करने के लिए सरकार की ओर से नई नीतियां लागू की गई हैं।
विज्ञान के क्षेत्र में युवा विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी का निर्माण किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य राज्य के होनहार विद्यार्थियों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश और दुनिया का नेतृत्व करने का अवसर प्रदान करना है।
हर क्षेत्र में नेतृत्व क्षमता जरूरी
मुख्यमंत्री धामी ने नेतृत्व क्षमता के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नेतृत्व केवल राजनीति तक सीमित नहीं है। खेल, चिकित्सा, विज्ञान, मीडिया और उद्योग सहित प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्ति अपने-अपने क्षेत्र में सच्चे लीडर होते हैं।
उन्होंने युवा विद्यार्थियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से जुड़कर देश और राज्य के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने सभी को राखी त्योहार की बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।
2,67,744 विद्यार्थियों ने भेजे निबंध और विचार
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ प्रतियोगिता को प्रदेश के विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन मिला है। अभियान के तहत प्रदेशभर के 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध और विचार भेजे हैं। विद्यार्थियों द्वारा व्यक्त किए गए विचार उत्तराखंड के विकास, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनकी सोच तथा संकल्प को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की युवा पीढ़ी राज्य के भविष्य को लेकर सजग और जागरूक है। विद्यार्थियों के सपनों, सुझावों और नवाचारपूर्ण विचारों को विकास की दिशा से जोड़ते हुए ऐसे उत्तराखंड का निर्माण किया जाएगा, जो सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित हो।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया और उनके साथ हाथ मिलाया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के लगभग 800 छात्र-छात्राएं और शिक्षक मौजूद रहे।
इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रामपाल सिंह, दिनेश मानसेरा, उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष कमल जिन्दल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



