पौड़ी गढ़वाल, 01 सितंबर। विकासखंड थलीसैंण के दूरस्थ मजरा महादेव में आयोजित तहसील दिवस में ग्रामीणों की 175 से अधिक शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अधिकारियों को शिकायतों की स्थिति मौके पर जानने और सरल प्रकरणों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत पर हुई कार्रवाई की जानकारी संबंधित शिकायतकर्ता को भी उपलब्ध कराई जाए।
सड़क, पेयजल और रोजगार से जुड़ी शिकायतें
तहसील चाकीसैंण क्षेत्र के ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, कृषि, राशन, आवास और रोजगार से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। जिलाधिकारी ने 3 सितंबर से चाकीसैंण क्षेत्र में एक सप्ताह तक आधार शिविर संचालित करने के निर्देश दिए। दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाने के लिए भी शिविर आयोजित किया जाएगा।
तहसील दिवस में राजकीय प्राथमिक विद्यालय मझोली के क्षतिग्रस्त भवन का प्रस्ताव शीघ्र भेजने, कुचोली में मिड-डे मील शेड निर्माण तथा नौगांव ईड़ा विद्यालय की क्षतिग्रस्त पाइपलाइन और भवन की मरम्मत के निर्देश दिए गए। ‘हर घर नल’ से संबंधित शिकायतों पर भी प्राथमिकता से कार्रवाई करने को कहा गया।
जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा पर जोर
जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए ग्रामसभाओं से सामूहिक घेरबाड़ और चैनलिंक फेंसिंग के प्रस्ताव लेने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पशुपालन, मुर्गीबाड़े और अन्य रोजगारपरक ऋण आवेदनों का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा गया।
सड़क संबंधी शिकायतों में मजरा महादेव-सौड़, नौड़ी-सौड़, चुठाणी, सांकरसैंण और ईड़ा ग्वींठ मार्गों की स्थिति पर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश मिले। बगेली में सड़क कटिंग का मुआवजा नहीं मिलने के मामले में संयुक्त निरीक्षण कराने तथा बिरसोड़ा में नई सड़क के अलाइनमेंट की ग्रामीणों की मौजूदगी में जांच करने को कहा गया।
बिजली और पेयजल की समस्याओं पर कार्रवाई
लटकते बिजली के तारों और जर्जर विद्युत पोलों की शिकायतों पर अधिशासी अभियंता विद्युत को नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। पेयजल लाइन, जल निकासी, राशन कार्ड, शौचालय, वन मार्ग, चेकडैम और कूड़ा निस्तारण से संबंधित मामलों में भी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
महिला ग्राम प्रधानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने महिला ग्राम प्रधानों की बैठकों में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी और खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस और बीडीसी बैठकों में महिला प्रधान स्वयं प्रतिभाग करें। उनके स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को प्रतिनिधि बनाकर नहीं भेजा जाए।
ब्लॉक प्रमुख सुनीता देवी ने थलीसैंण क्षेत्र में तहसील दिवस आयोजित किए जाने पर प्रशासन का आभार जताया और समस्याओं के समयबद्ध समाधान की उम्मीद व्यक्त की।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

