Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़चमोली न्यूज़आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत...

आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी के निर्देश, रेस्क्यू अभियान को प्राथमिकता

चमोली, 16 अगस्त: आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने रविवार को जिला सभागार, गोपेश्वर में आपदा प्रबंधन, राहत एवं पुनर्वास कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने तमकनाला और टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में चल रहे रेस्क्यू अभियानों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक की शुरुआत टीएचडीसी टनल हादसे में दिवंगत श्रमिकों को श्रद्धांजलि देने और दो मिनट का मौन रखकर की गई।

तमकनाला और टीएचडीसी टनल रेस्क्यू को सर्वोच्च प्राथमिकता

मंत्री ने अधिकारियों से आपदा से हुए नुकसान और प्रभावित क्षेत्रों में संचालित राहत कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि तमकनाला और टीएचडीसी टनल में चल रहे रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए आधुनिक उपकरणों और उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने को कहा गया।

उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय से काम करने तथा प्रभावित श्रमिकों और उनके परिजनों को आवश्यक सहयोग एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पेयजल और बिजली व्यवस्था जल्द बहाल करने के निर्देश

मदन कौशिक ने क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की शीघ्र मरम्मत कराने और तब तक प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। विद्युत विभाग को क्षतिग्रस्त पोल और लाइनों को दुरुस्त कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को पर्याप्त राशन और आवश्यक सामग्री उपलब्ध रखने के लिए कहा गया। चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रखने तथा जरूरत के अनुसार एंबुलेंस तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।

विस्थापित परिवारों को तत्काल राहत देने पर जोर

मंत्री ने ज्योतिर्मठ, बहुगुणानगर सहित अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। उन्होंने आपदा से विस्थापित परिवारों को नियमानुसार तत्काल मुआवजा और राहत सहायता उपलब्ध कराने तथा अवरुद्ध मार्गों को जल्द खोलने के निर्देश दिए। पीएमजीएसवाई की सड़कों और पुलों की एप्रोच रोड से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने एसडीआरएफ के मानकों में अर्बन रोड को शामिल करने और एसडीआरएफ के गठन में इंजीनियरों की नियुक्ति का सुझाव दिया। मंत्री ने सुझाव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए संबंधित प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य सेवाओं और दवाओं की उपलब्धता पर जोर

आयुष विभाग को आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उपलब्ध चिकित्सकों और मानव संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा गया।

मदन कौशिक ने सभी विभागों को राहत, बचाव, पुनर्वास और आवश्यक सेवाओं की बहाली में तेजी लाने तथा प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, दर्जा मंत्री चंद्रकला तिवाड़ी, हरक सिंह नेगी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Popular Articles