Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़चमोली न्यूज़शिक्षक दिवस पर भलागांव स्कूल...

शिक्षक दिवस पर भलागांव स्कूल में नहीं पहुंचे शिक्षक, बच्चों और अभिभावकों में नाराजगी

गोपेश्वर, 05 सितंबर। चमोली जिले के ज्योतिर्मठ विकासखंड के राजकीय जूनियर हाईस्कूल भलागांव में शिक्षक दिवस के अवसर पर बच्चों और अभिभावकों को निराशा का सामना करना पड़ा। शिक्षक दिवस मनाने के लिए उत्साह के साथ विद्यालय पहुंचे बच्चों और अभिभावकों को वहां एक भी शिक्षक मौजूद नहीं मिला। शिक्षकों की गैरमौजूदगी में ही बच्चों और अभिभावकों ने शिक्षक दिवस मनाया और निराश होकर वापस लौटना पड़ा।

शिक्षकों की गैरमौजूदगी से बच्चों की तैयारियां बेकार

अभिभावकों ने बताया कि शिक्षक दिवस को लेकर बच्चों और अभिभावकों में काफी उत्साह था। बच्चों ने अपने शिक्षकों को शुभकामनाएं देने और कार्यक्रम मनाने के लिए पहले से तैयारियां की थीं। अभिभावक भी बच्चों के साथ शिक्षकों को बधाई देने विद्यालय पहुंचे थे, लेकिन दोनों शिक्षकों के विद्यालय नहीं पहुंचने से बच्चों की सारी तैयारियां धरी रह गईं।

कक्षा छह की छात्रा गुंजन भट्ट ने बताया कि विद्यालय में कभी एक तो कभी दूसरा शिक्षक आता है। शिक्षकों की नियमित उपस्थिति नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्थिति यह है कि कई बच्चों को अपने पाठ्यक्रम के विषयों की भी पूरी जानकारी नहीं है।

अभिभावकों और महिला मंगल दल में रोष

शिक्षकों के विद्यालय नहीं पहुंचने पर अभिभावकों के साथ ही महिला मंगल दल की महिलाओं में भी रोष है। महिला मंगल दल की अध्यक्ष अंजना भट्ट ने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है। शिक्षकों की मनमानी और निगरानी व्यवस्था की कमी का खामियाजा ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि जिस दिन बच्चों और अभिभावकों में शिक्षक दिवस को लेकर उत्साह था, उसी दिन शिक्षकों का विद्यालय में नहीं पहुंचना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

अभिभावक लज्जू देवी, रौशनी देवी, गुड्डी देवी, पुष्पा देवी, सुमन देवी, रीता देवी और अंजना देवी ने कहा कि ग्रामीण बच्चों के लिए सरकारी विद्यालय ही शिक्षा का प्रमुख माध्यम हैं। यदि विद्यालय में शिक्षक नियमित रूप से नहीं आएंगे तो बच्चों की पढ़ाई और उनके भविष्य पर इसका सीधा असर पड़ेगा।

जांच और कार्रवाई की मांग

मामले को लेकर अभिभावकों ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन भेजा है। इसमें शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग की गई है। साथ ही विद्यालय की स्थिति की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग भी की गई है।

शिक्षक दिवस पर सामने आई इस स्थिति ने दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति और विभागीय निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

इधर, चमोली के जिला शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार उप्रेती ने बताया कि उन्हें भलागांव में शिक्षक दिवस पर शिक्षकों की अनुपस्थिति की शिकायत मिली है। ज्योतिर्मठ खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से इस संबंध में रिपोर्ट मंगाई जा रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Popular Articles