Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़चमोली न्यूज़74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं...

74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले की तैयारियां शुरू

गोपेश्वर, 18 सितंबर। 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 14 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाले मेले को लेकर शुक्रवार को मेला समिति की पहली बैठक हुई। बैठक को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय संस्कृति, कलाकारों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं को मेले के केंद्र में रखने पर जोर दिया।

रोजगार और स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा

जिलाधिकारी ने कहा कि मेले को केवल मनोरंजन और खरीदारी तक सीमित न रखते हुए रोजगार, स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने वाला मंच बनाया जाए। युवाओं को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए रोजगार मेले का आयोजन करने का सुझाव दिया गया। साथ ही महिलाओं को विशेष रूप से सम्मानित करने की बात भी बैठक में रखी गई।

व्यापार संघ ने रखीं विभिन्न मांगें

बैठक में व्यापार संघ ने मुख्य मेला मंच के आसपास का क्षेत्र खुला और व्यवस्थित रखने की मांग की। स्थानीय दुकानदारों को दुकानों की दरों में रियायत देने, सांस्कृतिक संध्याओं का विस्तार करने और स्थानीय कलाकारों को अधिक अवसर देने के सुझाव भी रखे गए।

मेले में पार्किंग व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और स्वागत समिति गठित करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में पिछले मेले के आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया गया। अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने मेले की स्मारिका प्रकाशित करने का सुझाव दिया।

विभागीय स्टॉलों को बनाया जाएगा जनोपयोगी

उद्योग विभाग और अन्य विभागों के सहयोग से युवाओं को रोजगार, उद्यमिता और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विभागीय स्टॉल महज औपचारिक प्रदर्शन तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें आकर्षक, जानकारीपरक और जनोपयोगी बनाया जाए।

उन्होंने योजनाओं के लाभार्थियों को मौके पर बुलाकर उन्हें संबंधित योजनाओं की जानकारी और लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए। साथ ही मेले का ले-आउट समय से तैयार करने तथा पार्किंग, शौचालय, पेयजल, बिजली और यातायात की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा।

सुरक्षा और पर्यावरण पर विशेष जोर

जिलाधिकारी ने मैदान के प्रवेश द्वार का सौंदर्यीकरण कराने, सुरक्षा ऑडिट और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मेले को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए एकल उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध प्रभावी रखने को कहा गया।

बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, औद्योगिक और विभागीय प्रदर्शनी, व्यापारिक गतिविधियों, यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, बिजली और प्रचार-प्रसार समेत सभी व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई।

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मेला अधिकारी अलकेश नौड़ियाल, नगर पालिका सभासद, व्यापार संघ के पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Popular Articles