हल्द्वानी, 16 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के चोरगलिया क्षेत्र में शेर नाला डबल लेन पुल का लोकार्पण किया। हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर 993 लाख रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान वाले डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु के शुरू होने से क्षेत्रीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने सुनीं क्षेत्रवासियों की समस्याएं
मुख्यमंत्री धामी राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी चोरगलिया पहुंचे, जहां हेलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट और जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल ने उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
993 लाख रुपये की लागत से बना शेर नाला पुल
मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में बने 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया। इस पुल के निर्माण पर 993 लाख रुपये की लागत आई है।
शेर नाला में मानसून के दौरान तेज बहाव के कारण क्षेत्रीय लोगों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। नाला उफान पर आने के दौरान रास्ता बाधित होने से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।
नवनिर्मित शेर नाला डबल लेन पुल के लोकार्पण से मानसून के दौरान आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय जनता के साथ पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने पुल के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।



