Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़नैनीताल न्यूज़हल्द्वानी में अंतरराष्ट्रीय साइबर वित्तीय...

हल्द्वानी में अंतरराष्ट्रीय साइबर वित्तीय नेटवर्क का भंडाफोड़, छह आरोपित गिरफ्तार

हल्द्वानी, 06 सितंबर। पुलिस ने ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट-2026’ के तहत मुखानी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित अंतरराष्ट्रीय साइबर वित्तीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह ने महज चार महीनों में पांच करोड़ रुपये से अधिक के अवैध साइबर लेनदेन और ठगी को अंजाम दिया। संयुक्त कार्रवाई में मुख्य सरगना समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि-विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया है।

लक्ष्मण विहार कॉलोनी में छापेमारी

पुलिस के मुताबिक, पांच और छह सितंबर की रात कोतवाली मुखानी, एसओजी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने लक्ष्मण विहार कॉलोनी स्थित एक मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कथित साइबर नेटवर्क से जुड़े छह आरोपितों को पकड़ा गया।

पुलिस ने मामले में राहुल यादव, निवासी इंदौर, को मुख्य संचालक बताया है। आरोप है कि गिरोह क्रिप्टोकरेंसी के लेनदेन और अनधिकृत ऐप के माध्यम से रकम का संचालन करता था। अवैध धनराशि को अलग-अलग बैंक खातों में भेजकर उसकी निकासी और लेयरिंग की जाती थी।

कमीशन का लालच देकर हासिल करते थे बैंक खाते

जांच में पुलिस के सामने आया कि गिरोह कमीशन का लालच देकर लोगों के बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक और सिम कार्ड हासिल करता था। इन कथित म्यूल खातों के जरिए रकम की निकासी और स्थानांतरण किया जाता था।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 1.18 लाख रुपये नकद, लैपटॉप, आईपैड, 11 मोबाइल फोन, 24 एटीएम और डेबिट कार्ड, 12 सक्रिय सिम, छह चेकबुक, चार पासबुक तथा बैंक जमा से संबंधित दस्तावेज बरामद किए हैं।

दो वांछित आरोपितों की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ कोतवाली मुखानी में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में दो अन्य वांछित आरोपितों की तलाश जारी है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।

बैंक खाते और एटीएम देने से बचने की अपील

नैनीताल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को कमीशन या पैसों के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक अथवा चेकबुक इस्तेमाल के लिए न दें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि साइबर अपराध में खाते का इस्तेमाल पाए जाने पर खाताधारक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

पुलिस ने लोगों से संदिग्ध वित्तीय गतिविधि की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने को देने की अपील की है।

Popular Articles