नैनीताल, 18 सितंबर। माता नंदा देवी महोत्सव के तहत शनिवार सुबह ब्रह्म मुहूर्त में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के बाद श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू होंगे। 18 से 23 सितंबर तक चलने वाले दर्शनों के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत रखने की तैयारियां तेज कर दी हैं।
पुलिस बल को सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के निर्देश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने शुक्रवार को गोवर्धन हॉल, मल्लीताल में मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को ब्रीफ किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने मेला क्षेत्र में पुलिस बल की पर्याप्त दृश्यता बनाए रखने के साथ सभी कर्मियों को अनुशासन और वर्दी की बेहतर प्रस्तुति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और आमजन के साथ शालीन व्यवहार करने तथा मंदिर समिति के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। भारी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को देखते हुए प्रभावी भीड़ नियंत्रण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीवी, ड्रोन और डॉग स्क्वॉड से निगरानी
यातायात कर्मियों और मोबाइल टीमों को सतर्क रहने तथा सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के साथ क्षेत्र में लगातार गश्त करने को कहा गया।
मेला नियंत्रण कक्ष में सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता, अग्निशमन, ड्रोन और संचार टीमों को सक्रिय रखने को कहा गया है। सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती, लगातार जांच और तलाशी के साथ अभिसूचना तंत्र को भी सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
शोभायात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था पर जोर
मेला और शोभायात्रा के नगर भ्रमण के दौरान यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए निरीक्षक यातायात को प्रभावी यातायात डायवर्जन योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। मल्लीताल, तल्लीताल पुलिस और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया।
एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने भी संचार व्यवस्था और मेला ड्यूटी को लेकर पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। ब्रीफिंग में सीओ नैनीताल अंजना, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल राजेंद्र रावत, प्रतिसार निरीक्षक राजकुमार बिष्ट, निरीक्षक सुनील बिष्ट, अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र नेगी सहित अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
मानव तस्करी और बाल अपराध को लेकर जागरूकता अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में एएचटीयू नैनीताल ने 17 सितंबर को मल्लीताल, तल्लीताल, रोडवेज स्टेशन और टैक्सी स्टैंड क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया। आमजन और बच्चों को मानव तस्करी, बाल अपराध, साइबर अपराध, भिक्षावृत्ति और बच्चों के साथ होने वाले अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल डायल-112 अथवा नजदीकी पुलिस को देने की अपील की गई। अभियान में एएचटीयू प्रभारी उपनिरीक्षक सुनीता कुंवर, हेड कांस्टेबल प्रहलाद सिंह, कांस्टेबल महेश सायना और कांस्टेबल गोविंद मेहरा शामिल रहे।

