Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़नैनीताल न्यूज़नंदाष्टमी महोत्सव में विधिक जागरूकता,...

नंदाष्टमी महोत्सव में विधिक जागरूकता, कौशल प्रशिक्षण और निःशुल्क चिकित्सा शिविर

नैनीताल, 18 सितंबर। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल की ओर से नंदाष्टमी महोत्सव के अवसर पर जनहित में विधिक जागरूकता अभियान, कौशल प्रशिक्षण और निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। महोत्सव की पूरी अवधि के दौरान लगाए गए स्टॉल के माध्यम से आमजन को संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के साथ निःशुल्क कानूनी परामर्श, स्वास्थ्य सेवाएं और रोजगारोन्मुख कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।

विभिन्न कानूनी विषयों पर निःशुल्क परामर्श

महोत्सव के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से पैनल अधिवक्ताओं और पराविधिक स्वयंसेवकों की टीम तैनात की गई है। यह टीम पारिवारिक एवं संपत्ति विवाद, घरेलू हिंसा, बैंकिंग धोखाधड़ी, साइबर अपराध, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के अधिकारों सहित विभिन्न विषयों पर निःशुल्क कानूनी सलाह दे रही है।

स्टॉल पर आमजन को सरल भाषा में तैयार कानूनी पुस्तिकाएं भी वितरित की जा रही हैं। इसके साथ ही 15100 और 1800-180-4000 टोल-फ्री हेल्पलाइन की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।

महिलाओं और युवाओं के लिए सिलाई प्रशिक्षण

जिला उद्योग केंद्र के सहयोग से 17 और 18 सितंबर को दो दिवसीय निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसमें स्थानीय महिलाओं, युवाओं और स्वरोजगार में रुचि रखने वाले लोगों को सिलाई तथा कपड़े की कटाई की बुनियादी जानकारी दी गई।

महोत्सव में स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा

स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 18 सितंबर को दृष्टि सेंटर हल्द्वानी की टीम ने नेत्र जांच की। शुभानु नेत्र अस्पताल की टीम 19 और 20 सितंबर को नेत्र जांच एवं स्क्रीनिंग करेगी। वहीं, चंदन अस्पताल की टीम 19 सितंबर को सामान्य चिकित्सा एवं रक्तचाप जांच की सुविधा उपलब्ध कराएगी।

द मेडिसिटी रुद्रपुर की टीम 20 से 22 सितंबर तक बहु-विशेषज्ञता चिकित्सा शिविर लगाएगी। उपलब्धता के अनुसार आवश्यक दवाएं निःशुल्क देने का भी प्रयास किया जाएगा।

Popular Articles