Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

नई टिहरी में विदेश में रोजगार को लेकर कार्यशाला, युवाओं को कौशल प्रशिक्षण की जानकारी

नई टिहरी, 18 सितंबर। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से क्रीड़ा भवन सभागार में ओवरसीज प्लेसमेंट कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत उपलब्ध रोजगार के अवसरों और विदेश में रोजगार के लिए आवश्यक कौशल प्रशिक्षण को लेकर युवाओं को जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि विदेशों में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हैं, लेकिन इसके लिए युवाओं का कुशल और प्रशिक्षित होना जरूरी है।

जापान और जर्मनी में रोजगार के अवसर

शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण और जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कार्यशाला का शुभारंभ किया। उन्होंने मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना को उत्तराखंड की महत्वाकांक्षी योजना बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से युवाओं को जापान और जर्मनी जैसे देशों में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। टिहरी जिले के छह युवाओं को हाई सैलेरी पैकेज पर रोजगार मिल चुका है।

विदेश में रोजगार के लिए कौशल और भाषा ज्ञान जरूरी

प्रशिक्षण भागीदार लर्ननेट स्किल लिमिटेड के रमेश पेटवाल ने विदेश में रोजगार के लिए जरूरी शैक्षिक योग्यता, कौशल, प्रशिक्षण, भाषा ज्ञान, पात्रता और नियुक्ति प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आवश्यक प्रशिक्षण और पात्रता पूरी करने के बाद युवाओं को विदेशों में रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकते हैं। इसका प्रशिक्षण टिहरी में ही उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के लिए न्यूनतम शुल्क जमा करना होगा, जिस पर सरकार की ओर से 20 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी। इसके साथ ही छात्रावास और खान-पान की सुविधा भी सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।

जापान में कार्यरत युवाओं के अभिभावक सम्मानित

कार्यशाला में पूर्व में चयनित होकर जापान में कार्यरत प्रीति नेगी और सूरज नेगी के अभिभावकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं और युवाओं ने प्रतिभाग किया। अभिभावकों ने भी कार्यशाला में अपने विचार रखे और रोजगार से संबंधित सवाल पूछे।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, परियोजना निदेशक-डीआरडीए ज्योति, कौशल विकास एवं सेवायोजन की उप निदेशक चंद्रकांता, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम और सेवायोजन अधिकारी लक्ष्मी यादव मौजूद रहे।

Popular Articles