नई टिहरी, 05 सितंबर। जिलेभर में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। विभिन्न स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण और राधा की आकर्षक झांकियां निकाली गईं। पुलिस लाइन चंबा में आयोजित भव्य कार्यक्रम में लोक गायक किशन महिपाल और मंजू नौटियाल की जुगलबंदी ने समां बांध दिया। भजन और लोकगीतों पर दर्शक देर रात तक थिरकते नजर आए।
पुलिस लाइन चंबा में भव्य जन्माष्टमी कार्यक्रम
शुक्रवार शाम पुलिस लाइन चंबा में जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण और ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने लोगों से भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं और सिद्धांतों को जीवन में उतारने का आह्वान किया।
एसएसपी श्वेता और उनके पति, एसपी अभिसूचना मुख्यालय मणिकांत मिश्रा सहित परिजनों ने परिसर में स्थापित लड्डू गोपाल की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद श्रीकृष्ण के झूले को झुलाकर जन्मोत्सव की परंपरा निभाई गई। कार्यक्रम में प्रस्तुत आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

किशन महिपाल और मंजू नौटियाल की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोक गायक किशन महिपाल ने भगवान श्रीकृष्ण की गाथा, बदरी विशाल, घुघूती और रानीखेत राम ढोला सहित कई प्रस्तुतियां दीं। वहीं, मंजू नौटियाल ने हे गंगू रमोला, सूरतू मामा और दिल्ली से मनाली समेत कई दिलकश प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
नई टिहरी और प्रतापनगर में भी आयोजन
नई टिहरी के नागराजा मंदिर एफ ब्लॉक में लोक गायक रवि गुसाईं, संगीता बिजल्वाण, ज्योति डोभाल और राजेंद्र जोशी ने भजन संध्या प्रस्तुत की। माता सुरकंडा, शिव भोले और सेम-नागराजा की प्रस्तुतियां कार्यक्रम के आकर्षण का केंद्र रहीं।
वहीं, प्रतापनगर के आबकी गांव में जन्माष्टमी के अवसर पर सांस्कृतिक आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। भाजपा के वरिष्ठ नेता और सीए राजेश्वर पैन्यूली ने लोगों से भगवान श्रीकृष्ण के सिद्धांतों पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।



