पिथौरागढ़, 06 सितंबर। मानसून की विदाई से पहले सीमांत धारचूला क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारी बारिश के चलते तवाघाट-सोबला मोटर मार्ग कनच्योति के पास भारी मलबा और बोल्डर आने से बंद हो गया है। इसके अलावा चौदास घाटी के बलमी और व्यास घाटी में मलघाट के पास भूस्खलन के कारण सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया है। इससे दारमा, व्यास और चौदास घाटियों का तहसील मुख्यालय धारचूला से संपर्क टूट गया है।
कनच्योति के पास सड़क पर गिरा पहाड़ी का बड़ा हिस्सा
कनच्योति के पास पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर गया, जिससे मार्ग पूरी तरह मलबे में दब गया। घटना के समय सड़क पर कोई वाहन नहीं होने के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। मार्ग बंद होने के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और कई यात्री रास्ते में फंस गए।
तीन घाटियों में जरूरी सामान की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका
दारमा, व्यास और चौदास घाटियों का संपर्क टूटने से सीमांत गांवों में राशन, दवाइयों और अन्य आवश्यक सामान की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बंद होने की स्थिति में आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाना भी चुनौतीपूर्ण हो गया है।
लगातार पत्थर गिरने से सड़क बहाली में बाधा
धारचूला के उपजिलाधिकारी आशीष जोशी ने बताया कि मार्ग खोलने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को सूचना दे दी गई है। हालांकि, पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण सड़क बहाली के कार्य में बाधा आ रही है।
प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों और यात्रियों से अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है। साथ ही संवेदनशील मार्गों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।


