Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़पिथौरागढ़ न्यूज़पिथौरागढ़ में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना...

पिथौरागढ़ में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना की जनपद स्तरीय चौपाल, उद्यमियों का सम्मान

पिथौरागढ़, 21 अगस्त। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लाइव संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान उद्यमिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे जनपद के उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नए अवसर उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना इसका उदाहरण है। योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।

उद्यमियों ने साझा किए अनुभव

जनपद स्तरीय चौपाल में विभिन्न क्षेत्रों से आए उद्यमियों ने अपने अनुभव और विचार साझा किए। उन्होंने उद्यम स्थापित करने के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों, उनके समाधान और मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के माध्यम से मिल रहे सहयोग, मार्गदर्शन एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।

उद्यमियों के अनुभवों के माध्यम से योजना के तहत उपलब्ध सहयोग और सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई।

प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवा, महिलाएं और स्वयं सहायता समूह योजना का लाभ लेकर अपने उद्यम स्थापित कर सकें, इसके लिए योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए।

इसी क्रम में योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, ब्लॉक प्रमुख कनालीछीना महिमन सिंह कन्याल, गंगोलीहाट के ब्लॉक प्रमुख विनोद प्रसाद, प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न, परियोजना निदेशक डीआरडीए आशीष पुनेठा सहित बड़ी संख्या में महिला एवं युवा उद्यमी तथा अन्य लोग उपस्थित रहे।

Popular Articles