गोपेश्वर, 21 अगस्त। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर अभियान) को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना अभियान की प्राथमिकता है।
63,246 नोटिस किए गए वितरित
बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 63,347 नोटिस के सापेक्ष 63,246 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। शेष 101 नोटिस का वितरण भी निर्धारित समयावधि में पूरा किया जा रहा है। विधानसभा क्षेत्रवार बदरीनाथ में 21,900, थराली में 19,935 और कर्णप्रयाग में 21,512 नोटिस वितरित किए गए हैं।
जिले की तीनों विधानसभा सीटों में कुल 2,72,188 मतदाता हैं। इनमें से 2,61,060 मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है।
633 मतदेय स्थलों पर निर्वाचन व्यवस्था
निर्वाचन कार्यों के सुचारु संचालन के लिए जिले के 633 मतदेय स्थलों पर 14 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और 31 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 633 बूथ लेवल अधिकारियों के सहयोग के लिए 633 अतिरिक्त कार्मिक भी नामित किए गए हैं।
बैठक में दावों और आपत्तियों के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 3 से 28 अगस्त, थराली में 3 से 31 अगस्त तथा कर्णप्रयाग में 3 से 22 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई की जा रही है।
पात्र मतदाताओं तक दोबारा पहुंचे नोटिस
जिले के 633 मतदेय स्थलों के सापेक्ष विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की ओर से 1,184 बीएलए-2 नियुक्त किए जा चुके हैं। डीएम गौरव कुमार ने निर्देश दिए कि यदि किसी पात्र मतदाता तक पहली बार नोटिस नहीं पहुंचता है तो उसे दोबारा नोटिस जारी किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर पात्र मतदाताओं की जानकारी प्राप्त करने और नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ स्तर पर एसआईआर अभियान की प्रतिदिन निगरानी करने का आग्रह किया।
डीएम ने कहा कि एसआईआर अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। इसलिए सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धीरेन्द्र सती सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और निर्वाचन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।



