Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़चम्पावत न्यूज़चम्पावत में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना...

चम्पावत में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना का शुभारंभ, स्वरोजगार को बढ़ावा देने निकली आईईसी वैन

चम्पावत, 21 अगस्त। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में उद्यमिता एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को चम्पावत में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (एमयूवाई) के तहत राज्य एवं जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान योजना की आईईसी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वैन 27 अगस्त तक जिले के विभिन्न गांवों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों को स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देगी।

मुख्यमंत्री ने किया योजना का शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन से मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना का शुभारंभ किया। इसका सीधा प्रसारण विकास भवन सभागार, चम्पावत में वर्चुअल माध्यम से किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना गांव-गांव में उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ युवाओं, महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और पलायन रोकने में योजना की उपयोगिता पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय मुख्य अतिथि और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे।

महिला उद्यमियों और उत्कृष्ट उद्यमियों का सम्मान

कार्यक्रम में उद्यमिता एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए चम्पावत की हेमा उपाध्याय, लक्ष्मी जोशी और कंचन देवी सहित राज्य की अन्य महिला उद्यमियों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

इसके अलावा लक्षिता जोशी, अपर्णा पनेरू, देवेन्द्र कुमार, निखिल अधिकारी, कलावती देवी, बबीता चौधरी, माया बिष्ट, शोभा तड़ागी और गीता देवी को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किए गए। आठ उद्यमियों को सब्सिडी के चेक भी वितरित किए गए। ओमप्रकाश जोशी, कुंवर सिंह, हरीश राय, राजेश सार्की, विक्रम सिंह भंडारी और भुवन चंद को 90-90 हजार रुपये तथा शिवदत्त पाटनी और तुलाराम को 30-30 हजार रुपये की सब्सिडी दी गई।

चार विकासखंडों में पहुंचेगी आईईसी वैन

आधुनिक एलईडी डिस्प्ले और ऑडियो-वीडियो प्रचार प्रणाली से सुसज्जित आईईसी वैन 21 से 27 अगस्त तक चम्पावत, लोहाघाट, पाटी और बाराकोट विकासखंड के दूरस्थ गांवों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचेगी।

परियोजना निदेशक अजय सिंह ने बताया कि वैन के माध्यम से उद्यम स्थापना, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, विपणन और उद्यमी पंजीकरण की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर स्वयं सहायता समूहों और युवाओं के लिए पंजीकरण डेस्क, उत्पाद प्रदर्शनी, विभागीय मार्गदर्शन सत्र तथा बैंकिंग एवं ऋण सुविधा सहायता केंद्र भी स्थापित किए गए।

Popular Articles