देहरादून, 21 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्वतीय क्षेत्रों में रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने के लिए विभागीय योजनाओं का प्रभावी और समन्वित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाकर युवाओं को गांव में ही आजीविका के साधन उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस प्रयास किए जाएं।
ग्राम्य विकास एवं पलायन निवारण आयोग की बैठक
मुख्यमंत्री आवास में शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में ग्राम्य विकास एवं पलायन निवारण आयोग की बैठक हुई। बैठक में पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन की स्थिति, रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
आयोग की ओर से विभिन्न जिलों में आयोजित प्रवासी पंचायतों तथा पलायन निवारण एवं स्वरोजगार जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी गई। आयोग के सदस्यों ने पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और रिवर्स पलायन को गति देने के संबंध में सुझाव भी दिए।
योजनाओं का लाभ गांवों तक पहुंचाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आयोग के सुझावों पर गंभीरता से विचार कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी योजनाओं और गतिविधियों के माध्यम से समन्वित रूप से कार्य करें। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वरोजगार और आजीविका से जुड़ी योजनाओं की जानकारी सरल तरीके से गांव स्तर पर उपलब्ध कराई जाए। योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों और बैंकों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
स्थानीय संसाधनों और उत्पादों पर फोकस
मुख्यमंत्री ने स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक ज्ञान और कौशल को रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता, ब्रांडिंग और बाजार उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रिवर्स पलायन केवल रोजगार उपलब्ध कराने से संभव नहीं होगा, बल्कि इसके लिए गांवों में बेहतर आजीविका, सुविधाएं और संभावनाएं विकसित करना जरूरी है।
बैठक में ग्राम्य विकास एवं पलायन निवारण आयोग के उपाध्यक्ष एसएस नेगी, सदस्य अनिल सिंह शाही, दिनेश रावत, सुरेश सुयाल, राम प्रकाश पैन्यूली और रंजना रावत, सचिव धीराज गर्ब्याल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



