Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़टिहरी गढ़वाल न्यूज़नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज...

नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री से आज मिलेगा संयुक्त संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल

नई टिहरी, 23 अगस्त। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर गठित संयुक्त संघर्ष समिति सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेगी। मुख्यमंत्री से वार्ता के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत और क्षेत्रीय विधायक किशोर उपाध्याय ने मध्यस्थता की है। समिति को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री जनभावनाओं के अनुरूप नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर सकारात्मक पहल करेंगे।

करीब 14 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल करेगा मुलाकात

रविवार को बौराड़ी में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल, वरिष्ठ पत्रकार महीपाल नेगी और पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल मेडिकल कॉलेज परियोजना टिहरी के लिए महत्वपूर्ण है। इसके निर्माण की मांग को लेकर समिति की ओर से लगातार आंदोलन किया जा रहा है।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मांग के समर्थन में 31 जुलाई और 16 अगस्त को दो बड़ी जन रैलियां निकाली जा चुकी हैं। साथ ही आंदोलन भी जारी है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर शासन स्तर पर भी कवायद चल रही है।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए करीब 14 लोगों का शिष्टमंडल जाएगा। समिति ने आग्रह किया है कि बैठक में स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य सचिव, चिकित्सा शिक्षा सचिव और टीएचडीसी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहें, ताकि परियोजना से जुड़े सभी पहलुओं पर स्पष्ट रूप से चर्चा हो सके।

जिला अस्पताल समेत अन्य मांगों पर भी होगी वार्ता

संयुक्त संघर्ष समिति ने कहा कि जब सरकार मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए निर्माण एजेंसी तय कर चुकी है, तो अब परियोजना में किसी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। समिति मुख्यमंत्री के समक्ष जिला अस्पताल को बेस अस्पताल बनाने, सीसीयू सहित अन्य मांगों को भी प्रमुखता से रखेगी।

इधर, मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर गणेश चौक पर चल रहे आंदोलन के तहत बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयवीर रावत, शांति प्रसाद भट्ट, खेमराज सेमवाल, मुकेश कुमाईं और लक्ष्मी बडोनी क्रमिक अनशन पर डटे रहे।

Popular Articles