Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़हरिद्वार न्यूज़माता भगवती देवी शर्मा जन्मशताब्दी...

माता भगवती देवी शर्मा जन्मशताब्दी समारोह का दूसरा चरण दिल्ली में 31 अक्टूबर से

हरिद्वार, 23 अगस्त। अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी वर्ष के अंतर्गत द्वितीय चरण का विराट समारोह नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय यह समारोह 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक चलेगा। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

इंदिरा गांधी स्टेडियम में होगा विराट समारोह

गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में आयोजित वर्चुअल बैठक में जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कार्यक्रम की घोषणा की। बैठक में देशभर से चयनित कार्यकर्ताओं के साथ प्रज्ञा संस्थानों के समन्वयक तथा जोन और उपजोन के समन्वयक जुड़े। इस दौरान समारोह की रूपरेखा, विभिन्न व्यवस्थाओं और कार्यकर्ताओं की सहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि जन्मशताब्दी वर्ष संकल्प और साधना को कर्म में बदलने का अवसर लेकर आया है। पं. श्रीराम शर्मा आचार्य और माता भगवती देवी शर्मा की तप-साधना से गायत्री परिवार को मिली दिशा को आगे बढ़ाना सभी का दायित्व है। दिल्ली में होने वाला यह आयोजन इसी संकल्प की समीक्षा और आगामी वर्षों की कार्ययोजना तय करने का अवसर बनेगा।

समाज निर्माण का संकल्प होगा प्रमुख विषय

उन्होंने कहा कि दुर्व्यसन मुक्ति और माताजी स्मृति उपवन सहित लिए गए संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाना है। जन्मशताब्दी समारोह में पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माता भगवती देवी शर्मा के विचारों को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज निर्माण का संकल्प प्रमुखता से रखा जाएगा।

शांतिकुंज व्यवस्थापक योगेन्द्र गिरि ने कहा कि दिल्ली में प्रस्तावित आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

वृत्तचित्र का किया गया विमोचन

इस अवसर पर दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने ‘मैं गायत्री परिवार हूं’ वृत्तचित्र का विमोचन किया। वर्चुअल बैठक में केंद्रीय जोनल समन्वयक डॉ. ओपी शर्मा, जन्मशताब्दी समारोह कार्यालय के समन्वयक श्याम बिहारी दुबे सहित समारोह से जुड़े अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Popular Articles