Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

हर घर तिरंगा यात्रा से नई टिहरी में गूंजा देशभक्ति का संदेश

नई टिहरी, 12 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में टिहरी डैम परियोजना की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल, जाखणीधार ब्लॉक के जीआईसी बड़कोट, उच्च प्राथमिक विद्यालय हटवाल गांव के छात्र-छात्राओं और स्थानीय ग्रामीणों ने हर घर तिरंगा यात्रा निकालकर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। बाइक और पैदल निकाली गई इन यात्राओं में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सीआईएसएफ ने निकाली बाइक तिरंगा यात्रा

बुधवार को भागीरथीपुरम में सीआईएसएफ कमांडेंट गौरव तोमर और सहायक कमांडेंट राजेश कुमार ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान यात्रा के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

वहीं, जाखणीधार ब्लॉक में प्रमुख राजेश नौटियाल के नेतृत्व में राजकीय इंटर कॉलेज बड़कोट के छात्र-छात्राओं के सहयोग से छोलगांव तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर बीडीओ रोशन लाल, एबीडीओ दिग्विजय सिंह, प्रधानाचार्य जयप्रकाश डबराल, प्रदीप भट्ट और बीर सिंह पंवार मौजूद रहे।

एसआरटी परिसर से बादशाहीथौल चौक तक निकली रैली

एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में निदेशक प्रो. एए बौड़ाई के नेतृत्व में छात्रों और शिक्षकों ने परिसर से बादशाहीथौल चौक तक हर घर तिरंगा यात्रा निकाली। रैली के दौरान देशभक्ति के नारे लगाए गए। इस मौके पर प्रो. डीएस कैंतुरा, प्रो. पीडी सेमल्टी, प्रो. जीडीएस नेगी, प्रो. एनके अग्रवाल, डॉ. हंसराज बिष्ट, डॉ. दिनेश नेगी और डॉ. रविंद्र धरावत मौजूद रहे।

हटवाल गांव में भी तिरंगा अभियान की जागरूकता

जौनपुर के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय हटवाल गांव से मुख्य बाजार तक छात्रों, व्यापारियों और ग्रामीणों ने तिरंगा यात्रा निकालकर हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान के प्रति लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका गुड्डी रौतेला, अनीता उनियाल, अनिल हटवाल, हेमा रावत और यीशु वाला उनियाल मौजूद रहे।

Popular Articles