हरिद्वार, 12 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस समारोह को हर्षोल्लास और व्यवस्थित ढंग से मनाने के लिए की जाने वाली तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
सुबह 9 बजे होगा ध्वजारोहण
जिलाधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में झंडारोहण से पहले देशभक्ति गीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया जाएगा। इसके बाद ध्वजारोहण और फिर राष्ट्रगान होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों तथा शिक्षण संस्थानों में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। वहीं, सुबह 9:30 बजे जिला कार्यालय परिसर में मुख्य अतिथि एवं जनपद प्रभारी मंत्री द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनपद की सभी शिक्षण संस्थाओं में सुबह 7 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। विद्यालयों में खेलकूद, विचार गोष्ठी, वाद-विवाद, निबंध लेखन प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इन आयोजनों की जिम्मेदारी मुख्य शिक्षा अधिकारी को दी गई है।
सरकारी भवन होंगे रोशन, चौराहों पर गूंजेंगे देशभक्ति गीत
डीएम ने 14 अगस्त की रात से सभी सरकारी भवनों एवं इमारतों को प्रकाशमान करने के निर्देश दिए। इसके लिए कम वोल्टेज वाले एलईडी बल्बों का उपयोग किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक तथा 15 अगस्त को सुबह 6 बजे से 11 बजे तक जनपद के प्रमुख चौराहों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से देशप्रेम एवं देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा। इसकी व्यवस्था जिला सूचना अधिकारी करेंगे। स्वास्थ्य विभाग और रेडक्रॉस के माध्यम से रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों का होगा सम्मान
जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों और राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित करने के लिए सभी उपजिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। खेल विभाग की ओर से खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
नगर निगम, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को जनपद के विभिन्न स्मारकों, प्रतिमाओं तथा महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
कांवड़ मेले के बाद विशेष स्वच्छता अभियान
जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ मेले के सफल आयोजन के बाद जनपद में फैले कूड़ा-कचरे की सफाई के लिए 12 अगस्त से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग देने को कहा।
उन्होंने आमजन, स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों और व्यापार मंडलों को भी अभियान से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही निर्देश दिए कि 15 अगस्त को सभी कार्यालयाध्यक्ष अपने कार्यालय परिसरों एवं परिसंपत्तियों में पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए व्यापक वृक्षारोपण करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, सीओ सदर एसपी बलूनी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



