नैनीताल, 06 सितंबर। नैनीताल के कैपिटल सिनेमा हॉल में रविवार को हिंदूवादी संगठनों की ओर से बाबा नीब करौरी महाराज पर आधारित हनुमान अंश फिल्म का विशेष निःशुल्क प्रदर्शन किया गया। फिल्म देखने के लिए 300 से अधिक लोग पहुंचे। इनमें नैनीताल विधायक सरिता आर्या, भाजपा मंडलाध्यक्ष नितिन कार्की सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल रहे।
प्रतिमाओं के सामने हुआ फिल्म का प्रदर्शन
विशेष प्रदर्शन के दौरान सिनेमा हॉल की सबसे आगे वाली सीट पर श्री हनुमान और बाबा नीब करौरी की प्रतिमाएं विराजमान की गईं। आयोजन से पहले दर्शकों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस अवसर पर दर्शकों को हनुमान चालीसा की प्रतियां भी भेंट की गईं।
लगभग ढाई घंटे की हनुमान अंश फिल्म की कहानी का पहला दृश्य वर्ष 1964 के कुमाऊं से शुरू होता है। फिल्म के अंतिम दृश्य में कैंची निवासी पूर्णानंद को 20 वर्ष बाद आने का वादा कर अचानक अंतर्ध्यान होने के बाद बाबा दरवाजा खटखटाकर पूर्णानंद को आवाज देते दिखाई देते हैं।
छात्र-छात्राओं ने भी देखी फिल्म
फिल्म के विशेष प्रदर्शन में मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर की 25 छात्राओं और सरस्वती विद्या मंदिर के 55 छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया। प्रदर्शन के बाद दर्शकों को पतीसे का प्रसाद वितरित किया गया।
आयोजन में मनमोहन बिष्ट, पंकज बिष्ट, अमित पांडे, सोनू बिष्ट, मनोज कुमार, रोहित गौड़, विनोद कुमार, सूरज, सुनील, अमित साह, विवेक वर्मा, संजय, प्रदीप कुमार, तरुण लूथरा, भवान बिष्ट, ललित बिष्ट, सूरज राणा, गौरव आर्या, संजय बिष्ट, अमित मेहरा, विनायक साह, अम्मू पांडे, सोनू कुमार, पवन कन्याल, बॉबी बिष्ट, रौनक सक्सेना, कुणाल बेदी और चेतन बिष्ट सहित अन्य लोगों की भूमिका रही।
संगठन की ओर से मनमोहन बिष्ट ने बताया कि रविवार के प्रदर्शन को मिली प्रतिक्रिया को देखते हुए आगामी मंगलवार और रविवार को भी एक-एक शो रखा गया है। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम चार बजे होने वाले शो के टिकट पहले ही भर चुके हैं।



