नैनीताल, 14 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस और सप्ताहांत के दौरान कैंची धाम, भवाली तथा भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। कैंची धाम यातायात योजना के तहत 15 और 16 अगस्त को सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक यातायात और मार्ग परिवर्तन की व्यवस्था प्रभावी रहेगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और प्रमुख बैरियरों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
भारी वाहनों के लिए बदला मार्ग
नैनीताल पुलिस के अनुसार सप्ताहांत में अल्मोड़ा और रानीखेत से हल्द्वानी जाने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग की ओर भेजा जाएगा। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवा वाले भारी वाहन निर्धारित मार्ग से संचालित हो सकेंगे। अन्य भारी वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार भवाली मस्जिद तिराहा से रोका जाएगा अथवा रामगढ़ और खुटानी मार्ग से भेजा जाएगा।
कैंची धाम जाने वाले वाहनों की पार्किंग व्यवस्था
भीमताल मार्ग से कैंची धाम पहुंचने वाले बाहरी वाहनों को विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। वहीं, नैनीताल-गेठिया मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए भवाली सैनेटोरियम पार्किंग निर्धारित की गई है। इन पार्किंग स्थलों से श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा संचालित होगी।
सप्ताहांत के दौरान टैक्सी और दोपहिया वाहनों का कैंची धाम क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। चार पहिया वाहन रामगढ़, खुटानी, क्वारब और नथुवाखान मार्गों का उपयोग कर सकेंगे।
जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए टांडा, एमवीआईआर, सुभाषनगर, गड़प्पू, हल्दुवा, मोहन, धानाचूली, क्वारब और खैरना समेत सभी प्रमुख बैरियरों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। यहां वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की जाएगी।
होटल, ढाबों, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, टैक्सी स्टैंड और बाजारों में भी विशेष जांच अभियान चलेगा। संवेदनशील स्थानों पर बम निरोधक दस्ते और श्वान दल तैनात रहेंगे। पुलिस सोशल मीडिया पर भ्रामक और अफवाह फैलाने वाली सूचनाओं पर भी निगरानी रखेगी और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करेगी। निरीक्षक यातायात और सीपीयू के माध्यम से प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने की व्यवस्था की गई है।



