नई टिहरी, 14 अगस्त। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद भाजपा समर्थकों द्वारा कथित तौर पर गंगाजल छिड़काव, मंत्रोच्चारण और हवन के जरिए मंच के शुद्धिकरण का मामला अब राजनीतिक विवाद का रूप लेता जा रहा है। घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कीर्तिनगर में रैली निकालकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह कर अपना आक्रोश जताया।
कीर्तिनगर बाजार में निकाली रैली
शुक्रवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश बर्तवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कीर्तिनगर बाजार में रैली निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी में कथित मंच शुद्धिकरण की घटना के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया।
रैली के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के नीचे बैठे और सत्याग्रह किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कथित शुद्धिकरण की घटना को लेकर अपना विरोध जताया।
सामाजिक समानता और संविधान का मुद्दा उठाया
कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि किसी सार्वजनिक कार्यक्रम के बाद कार्यक्रम स्थल का इस प्रकार शुद्धिकरण किया जाना सामाजिक समानता और संविधान की मूल भावना पर चोट है।
पीसीसी सदस्य श्यामलाल आर्य ने भाजपा पर पूरे दलित समाज की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया। वहीं अंकित सिंह और नीति राज ने भी भाजपा पर तीखे राजनीतिक प्रहार किए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हल्द्वानी मंच शुद्धिकरण मामले को लेकर पार्टी ने अपना विरोध दर्ज कराया है।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कीर्तिनगर में आयोजित प्रदर्शन के दौरान अर्जुन गोदियाल, राजेंद्र चंद, राजेंद्र बुटोला, करण, केशव, अतुल, प्रदीप थपलियाल, मोहन सिंह, सुनील कुमार, इंद्रमणि, अजय पाल, दिनेश भट्ट, दीपक, पुरुषोत्तम, किशन लाल, भगत राम, रविंद्र लिंगवान, गामा सिंह, वीरेंद्र सिंह राणा, बुद्धि राम, अमर सिंह, शंकर लाल अनुज, आशीष और आशुतोष मौजूद रहे।



