Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़नैनीताल न्यूज़कैंची धाम में भारी भीड़...

कैंची धाम में भारी भीड़ की आशंका, 19 और 20 सितंबर को विशेष यातायात व्यवस्था

नैनीताल, 18 सितंबर। सप्ताहांत में कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष यातायात एवं डायवर्जन व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 19 और 20 सितंबर को सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी। यातायात के दबाव को देखते हुए व्यवस्था में आवश्यक बदलाव भी किया जा सकता है।

भारी वाहनों के लिए बदला मार्ग

नई यातायात व्यवस्था के तहत अल्मोड़ा-रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना क्षेत्र से आवश्यकतानुसार रामगढ़-मुक्तेश्वर होते हुए हल्द्वानी भेजा जाएगा। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं के भारी वाहनों को निर्धारित मार्ग से जाने की अनुमति रहेगी।

अन्य भारी वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार भवाली सैनेटोरियम तिराहे पर रोककर चरणबद्ध तरीके से आगे भेजा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर रामगढ़ और खुटानी मार्ग का भी उपयोग किया जा सकेगा।

निजी वाहनों के लिए पार्किंग और शटल सेवा

हल्द्वानी की ओर से भीमताल होते हुए कैंची धाम आने वाले निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को स्थानीय शटल सेवा अथवा सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से भवाली होते हुए कैंची धाम भेजा जाएगा।

इसी तरह नैनीताल-गेठिया की ओर से आने वाले निजी वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंचाया जाएगा। वापसी के लिए भी शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।

पर्वतीय मार्गों पर भी रहेगी निगरानी

भवाली से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले चार पहिया वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार रामगढ़ और खुटानी मार्ग से भेजा जा सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर क्वारब-रामगढ़-रातीघाट बाईपास मार्ग से भेजा जाएगा। अधिक यातायात दबाव होने पर वाहनों का चरणबद्ध संचालन किया जाएगा।

कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और अन्य व्यावसायिक वाहनों का अनावश्यक प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। केवल निर्धारित अथवा अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।

सड़क किनारे पार्किंग पर रोक

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों के वाहनों को सड़क किनारे अथवा यातायात बाधित करने वाले स्थानों पर पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। निर्धारित पार्किंग भरने पर वाहनों को वैकल्पिक पार्किंग की ओर भेजा जाएगा।

एम्बुलेंस, अग्निशमन, पुलिस और अन्य आपातकालीन वाहनों के निर्बाध आवागमन का प्रयास किया जाएगा। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग, डायवर्जन तथा शटल सेवा व्यवस्था का पालन कर सहयोग करने की अपील की है।

Popular Articles