Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़टिहरी गढ़वाल न्यूज़मुनिकीरेती में डीएम टिहरी कैंप...

मुनिकीरेती में डीएम टिहरी कैंप कार्यालय खोलने का विरोध, बार एसोसिएशन ने सीएम से निरस्त करने की मांग की

नई टिहरी, 05 सितंबर। जिला बार एसोसिएशन ने मुनिकीरेती में डीएम टिहरी का कैंप कार्यालय खोले जाने का कड़ा विरोध किया है। एसोसिएशन ने इसे अव्यावहारिक बताते हुए मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा और कैंप कार्यालय को तत्काल निरस्त करने की मांग की।

बार एसोसिएशन ने बताया जनहित के विपरीत

शनिवार को जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयवीर सिंह रावत के नेतृत्व में अधिवक्ताओं और कार्यकारिणी के सदस्यों ने एकत्र होकर मुनिकीरेती में डीएम टिहरी के कैंप कार्यालय खोले जाने के फैसले पर विरोध जताया। अधिवक्ताओं का कहना है कि मुनिकीरेती जिले के एक कोने में स्थित है और ऋषिकेश से लगा हुआ क्षेत्र है। ऐसे में यहां डीएम टिहरी का कैंप कार्यालय बनाया जाना टिहरी के हित में नहीं है।

बार एसोसिएशन ने कहा कि मुनिकीरेती नरेंद्रनगर के अलावा जिले के किसी अन्य विकासखंड के लिए सुलभ नहीं है। प्रतापनगर, भिलंगना, जौनपुर, थौलधार, जाखणीधार, कीर्तिनगर, चंबा और देवप्रयाग विकासखंड के लोगों के लिए भी यह स्थान अलग-थलग पड़ता है। ऐसे में यहां कैंप कार्यालय खोलना सरकारी धन का दुरुपयोग है।

नई टिहरी में डीएम कार्यालय संचालन की थी उम्मीद

अधिवक्ताओं ने कहा कि पुरानी टिहरी से नई टिहरी में विस्थापन के दौरान लोगों ने डीएम कार्यालय के नई टिहरी से संचालन के वादे पर ही यहां बसने का निर्णय लिया था। ऐसे में मुनिकीरेती में डीएम टिहरी का कैंप कार्यालय खोलने का निर्णय लोगों की पहुंच और प्रशासनिक सुविधा के लिहाज से उचित नहीं है।

बार एसोसिएशन ने सवाल उठाया कि यदि कोई फरियादी अपनी समस्या लेकर नई टिहरी पहुंचता है और उस समय डीएम अपने कैंप कार्यालय मुनिकीरेती में मौजूद हों, तो वह अपनी समस्या अधिकारी के सामने कैसे रख पाएगा। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए कैंप कार्यालय खोलने के निर्णय को तत्काल निरस्त करने की मांग की।

ज्ञापन पर सचिव चंद्रभान राणा, मृदुला जैन, आनंद बेलवाल, शांति भट्ट, देवेंद्र दुमोगा, सोहन रावत और अरविंद सिंह सहित अन्य के हस्ताक्षर हैं।

Popular Articles