Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़टिहरी गढ़वाल न्यूज़टिपरी-मदननेगी रोपवे सेवा बंद, हजारों...

टिपरी-मदननेगी रोपवे सेवा बंद, हजारों लोगों की बढ़ी मुश्किलें; नए टेंडर की प्रक्रिया शुरू

नई टिहरी, 01 सितंबर। टिहरी बांध प्रभावित प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के रैका, धारमंडल, ढुंग-मंदार और आसपास के क्षेत्रों के आवागमन के लिए संचालित टिपरी-मदननेगी रोपवे सेवा बंद हो गई है। अनुबंध पूरा होने के बाद सिडकुल के अधीन कंपनी ने सेवा बंद कर दी, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। स्थानीय लोगों ने सरकार से रोपवे सेवा को नियमित रूप से संचालित करने की मांग की है।

2012 से संचालित हो रही थी रोपवे सेवा

सिडकुल की ओर से टिहरी बांध प्रभावित क्षेत्र मदननेगी, धारमंडल, रैका, ढुंग-मंदार समेत आसपास के लोगों की सुविधा के लिए टिपरी-मदननेगी रोपवे का संचालन वर्ष 2012 से किया जा रहा है। इसका अनुबंध सितंबर 2025 में समाप्त हो गया था।

इसके बाद विधायक विक्रम नेगी और जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के निर्देश पर पहले छह माह और फिर 31 अगस्त तक रोपवे सेवा के संचालन का विस्तार किया गया था। अब अवधि पूरी होने के बाद सेवा बंद कर दी गई है।

हजारों लोगों के आवागमन पर असर

जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला ने बताया कि सोमवार शाम सिडकुल के अधीन बीएम एंटरप्राइजेज ने रोपवे सेवा बंद कर दी। उन्होंने कहा कि रोपवे बंद होने से प्रभावित क्षेत्रों के हजारों लोगों के आवागमन में परेशानी बढ़ेगी।

रोपवे संचालक योगेश डोभाल ने सिडकुल और जिलाधिकारी टिहरी को पत्र भेजकर इसके संचालन की जिम्मेदारी पर्यटन विभाग अथवा किसी अन्य एजेंसी को सौंपने की बात कही है।

नए टेंडर की प्रक्रिया शुरू

जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि टिपरी-मदननेगी रोपवे का संचालन सिडकुल की ओर से किया जाता है। 31 अगस्त तक सेवा संचालन का विस्तार किया गया था। अब रोपवे के संचालन के लिए नया टेंडर किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने उम्मीद जताई कि सिडकुल जल्द ही इस संबंध में कार्रवाई करेगा। उन्होंने बताया कि इस मामले में शासन और सिडकुल को पत्र भेजा गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि टिहरी बांध से सरकार को करोड़ों रुपये का राजस्व मिल रहा है। ऐसे में बांध प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टिपरी-मदननेगी रोपवे सेवा को नियमित रूप से संचालित किया जाना चाहिए।

Popular Articles