Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़हरिद्वार न्यूज़मंगलौर की दो नाबालिग बालिकाएं...

मंगलौर की दो नाबालिग बालिकाएं कटरा से सकुशल बरामद, हरिद्वार पुलिस की तत्परता से मिली सफलता

हरिद्वार, 01 सितंबर। घर से नाराज होकर बिना बताए निकलीं मंगलौर क्षेत्र की दो नाबालिग बालिकाओं को हरिद्वार पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के कटरा से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की लगातार मेहनत और तकनीकी निगरानी के चलते दोनों बालिकाओं को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया गया। बेटियों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया।

स्कूल के लिए निकली थीं दोनों बालिकाएं

जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त को मंगलौर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी 14 वर्षीय नाबालिग पुत्री और उसकी 16 वर्षीय सहेली 24 अगस्त को घर से स्कूल के लिए निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

एसएसपी हरिद्वार ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए प्रभारी निरीक्षक मंगलौर को दोनों बालिकाओं की तलाश के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए।

कई राज्यों में तलाश, तकनीकी निगरानी से मिले सुराग

पुलिस टीम ने बालिकाओं की तलाश में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली, दिल्ली, हरिद्वार और देहरादून सहित कई स्थानों पर बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, धर्मशालाओं और ऑटो स्टैंडों के सीसीटीवी कैमरों की जांच की।

इसके साथ ही मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी माध्यमों से भी लगातार सुराग जुटाए गए। जांच के दौरान पुलिस को दोनों बालिकाओं की लोकेशन पहले चंडीगढ़ और फिर जम्मू-कश्मीर की ओर मिली।

सुराग मिलने के बाद मंगलौर पुलिस की टीम जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हुई। वहां लगातार तलाश और सत्यापन के बाद दोनों बालिकाओं को कटरा से सकुशल बरामद कर लिया गया।

परिजनों ने पुलिस टीम का जताया आभार

दोनों बालिकाओं के सकुशल मिलने की सूचना मिलते ही उनके परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों ने मंगलौर पुलिस और पूरी टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने बालिकाओं की तलाश में पुलिस की तत्परता, मेहनत और तकनीकी निगरानी की सराहना की।

Popular Articles