Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़चमोली न्यूज़बदरीनाथ धाम में 4 सितंबर...

बदरीनाथ धाम में 4 सितंबर को मनाई जाएगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, विशेष पूजा और धार्मिक अनुष्ठान होंगे

चमोली, 01 सितंबर। श्री बदरीनाथ धाम में श्रीकृष्ण भाद्रपद जन्माष्टमी का पर्व इस वर्ष 4 सितंबर, शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जन्माष्टमी को लेकर धाम में श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों में विशेष उत्साह बना हुआ है।

अर्धरात्रि में होगा भगवान श्रीकृष्ण का प्रतीकात्मक जन्म

जन्माष्टमी के अवसर पर श्री बदरीनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि रावल अमरनाथ नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल और वेदपाठीगण विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करेंगे।

अर्धरात्रि में प्रतीकात्मक रूप से भगवान श्रीकृष्ण का जन्म कराया जाएगा। इस अवसर पर देर रात विशेष आरती और पूजा-अर्चना होगी तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाने के साथ भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की पूजा और भोग की भी व्यवस्था की जाएगी।

5 सितंबर को बदरीश पंडा पंचायत मनाएगी जन्मोत्सव

बदरीश पंडा पंचायत की ओर से 5 सितंबर, शनिवार को जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पंचायत अध्यक्ष प्रवीण ध्यानी ने बताया कि विभिन्न बामणी गांवों से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की झांकियां शुरू होकर श्री बदरीनाथ मंदिर पहुंचेंगी। इस दौरान कीर्तन-भजन सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों के लिए प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।

जन्माष्टमी का विशेष धार्मिक महत्व

श्री बदरीनाथ धाम में जन्माष्टमी पर्व का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे तीर्थयात्री भगवान श्री बदरीनाथ के दर्शन के साथ जन्माष्टमी के धार्मिक आयोजनों में भी शामिल होंगे। मंदिर समिति और पंडा पंचायत की ओर से पर्व को व्यवस्थित एवं भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

Popular Articles