नई टिहरी, 22 अगस्त। चंबा ब्लॉक के ग्राम पंचायत सिलकोटी में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सुरकंडा पेयजल योजना के टैंक से पानी का समान वितरण नहीं होने पर आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने पेयजल समस्या के समाधान के लिए गांव में जल्द दूसरा टैंक बनाने की मांग की। इसके साथ ही क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण और डामरीकरण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
सुरकंडा पेयजल योजना में दूसरा टैंक बनाने की मांग
शनिवार को सिलकोटी के पूर्व प्रधान देव सिंह पुंडीर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि सुरकंडा पेयजल योजना के तहत केवल एक टैंक होने के कारण क्षेत्र में पानी का वितरण ठीक ढंग से नहीं हो पा रहा है। कई घरों तक पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि लगातार बनी इस समस्या के समाधान के लिए गांव में दूसरा टैंक बनाया जाना जरूरी है। उन्होंने संबंधित स्तर पर जल्द कार्रवाई किए जाने की मांग की।
सड़कों के निर्माण और डामरीकरण की मांग
जन संवाद कार्यक्रम में आराकोट-वाल्काखाल मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा कटियाखाल से सैंण नामे तोक तक दो किलोमीटर सड़क निर्माण तथा भनवाणियों नामे तोक से कुआं का खाला नामे तोक तक सड़क निर्माण कराने की मांग ग्रामीणों ने रखी।
ग्राम प्रधान विनीत पुंडीर ने आराकोट-वाल्काखाल मोटर मार्ग के डामरीकरण को प्राथमिकता से कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण लोगों को जोखिम भरा सफर करना पड़ रहा है।
पूर्व मंत्री ने दिया समस्या समाधान का भरोसा
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पूर्व मंत्री दिनेश धनाई ने कहा कि आराकोट-वाल्काखाल मोटर मार्ग उनके कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था और इसके निर्माण के साथ डामरीकरण भी कराया गया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सड़क काफी खस्ताहाल हो चुकी है।
पूर्व मंत्री ने ग्रामीणों को क्षेत्र की पेयजल और सड़क संबंधी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया।



