नई टिहरी, 22 अगस्त। देवप्रयाग ब्लॉक की भरपूर पट्टी के अंतर्गत मुनेठ-कर्णादेवी-बदर गांव मोटर मार्ग की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। खस्ताहाल सड़क, प्रतिकर भुगतान, टूटे पैदल रास्तों, पेयजल लाइनों और नहरों की समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने शनिवार को देवप्रयाग मुख्य बाजार में भाजपा सरकार के खिलाफ अर्थी यात्रा निकालकर प्रदर्शन किया।
तहसील परिसर पहुंची अर्थी यात्रा
ग्रामीणों की अर्थी यात्रा मुख्य बाजार से शुरू होकर तहसील परिसर पहुंची। यहां ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज तथा स्थानीय विधायक विनोद कंडारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पुतला दहन कर सरकार और लोक निर्माण विभाग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस जिला महासचिव विनोद टोडरिया और एससी प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव जगदीश चंद्र आर्य ने कहा कि मुनेठ-कर्णादेवी-बदर मोटर मार्ग के निर्माण के बाद से प्रभावित काश्तकारों को अब तक प्रतिकर का भुगतान नहीं किया गया है।
पैदल रास्ते और पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के दौरान गांवों के स्कूल मार्ग और पैदल रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए थे, लेकिन उनकी अब तक मरम्मत नहीं कराई गई है। इसके अलावा कई स्थानों पर पेयजल लाइनें और नहरें भी निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हो गईं।
ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से इन समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन विभागीय अधिकारियों और सरकार की कथित उदासीनता के कारण स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है।
मांग पूरी नहीं होने पर तालाबंदी की चेतावनी
कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य उत्तम सिंह असवाल ने चेतावनी दी कि यदि ग्रामीणों की मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो संबंधित विभागों के कार्यालयों में तालाबंदी की जाएगी और आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की जमीन लेकर केवल सड़क बना देना ही विकास नहीं है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, प्रतिकर, पैदल रास्तों, पेयजल लाइनों और नहरों से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।



