Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़हरिद्वार न्यूज़हरिद्वार में खाद्य प्रतिष्ठानों पर...

हरिद्वार में खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक जांच, मावा-पनीर समेत मिठाइयों के नमूने लिए

हरिद्वार, 22 अगस्त। आगामी रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने हरिद्वार जनपद में खाद्य प्रतिष्ठानों, डेयरियों और मिष्ठान विक्रेताओं के खिलाफ औचक निरीक्षण अभियान चलाया। सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की।

मावा और घेवर के नमूने लिए

अभियान के दौरान खुले मावा और खुले मिठाई घेवर के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। एक मिष्ठान विक्रेता के निर्माण एवं संग्रह स्थल पर मिठाइयों को अखबार से ढककर रखा गया था। इस पर संबंधित विक्रेता को नोटिस जारी किया गया।

वहीं, एक अन्य मिष्ठान विक्रेता द्वारा निर्धारित अवधि में खाद्य पंजीकरण का नवीनीकरण नहीं कराने पर भी नोटिस दिया गया। कुछ अन्य मिष्ठान और खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठान बंद पाए गए, जिसके कारण उनके खिलाफ मौके पर कार्रवाई नहीं हो सकी।

डेयरी से पनीर के दो नमूने लिए

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने कनखल स्थित एक डेयरी का निरीक्षण किया। यहां मिलावट के संदेह में पनीर के दो नमूने जांच के लिए लिए गए। इनमें एक खुला पनीर और दूसरा हरियाणा स्थित निर्माता के पंचगांव ब्रांड का पैकेट पनीर शामिल है।

ग्राहक की शिकायत के आधार पर जगजीतपुर स्थित एक रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान रेस्टोरेंट बिना खाद्य पंजीकरण के संचालित पाया गया। इसके अलावा वहां अस्वच्छ और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियां भी मिलीं। इस पर चालानी कार्रवाई की गई।

बिना पंजीकरण खाद्य सामग्री बनाने पर कार्रवाई

भूपतवाला बाग स्थित एक निर्माण इकाई के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। जांच में इकाई बिना खाद्य पंजीकरण के खाद्य सामग्री का निर्माण करती पाई गई। इसके चलते उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने दोनों प्रतिष्ठानों को खाद्य पंजीकरण प्राप्त होने तक खाद्य कारोबार बंद रखने के निर्देश दिए। पर्वों के मद्देनजर चलाए गए इस अभियान में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।

Popular Articles