नई टिहरी, 18 अगस्त। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्वामी रामतीर्थ परिसर बादशाहीथौल, टिहरी में बीएड प्रवेश काउंसलिंग शुरू हो गई है। परिसर में बीएड की 62 सीटों पर प्रवेश दिया जाना है। दो दिवसीय काउंसलिंग के पहले दिन उत्तराखंड समेत विभिन्न राज्यों से आए 150 से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।
प्रमाणपत्रों का किया जा रहा सत्यापन
एसआरटी परिसर बादशाहीथौल की बीएड संकाय की विभागाध्यक्ष प्रो. सुनीता गोदियाल ने बताया कि मंगलवार को 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रवेश काउंसलिंग के लिए रिपोर्टिंग की। अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र, अंकतालिकाओं और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच के लिए डॉ. हेमराज के नेतृत्व में प्रवेश समिति गठित की गई है।
समिति की ओर से दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पात्र और सफल अभ्यर्थियों को परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश समिति के सदस्य डॉ. हेमराज ने बताया कि 19 अगस्त, बुधवार को शेष अभ्यर्थियों की बीएड प्रवेश काउंसलिंग की जाएगी।
सफल अभ्यर्थियों को भेजी जाएगी सूचना
काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद उन्हें प्रवेश से संबंधित आवश्यक सूचना भेजी जाएगी। परिसर में इस वर्ष से इंटीग्रेटेड बीएड पाठ्यक्रम भी शुरू किया जाएगा।
विश्वविद्यालय की ओर से राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) को ध्यान में रखते हुए बीएड संकाय के पाठ्यक्रमों में समय-समय पर आवश्यकतानुसार बदलाव और अपडेट किए जा रहे हैं।
प्रवेश समिति के सदस्यों ने संभाली जिम्मेदारी
प्रवेश काउंसलिंग के दौरान समिति के सदस्यों ने दस्तावेज सत्यापन सहित प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े कार्यों को संभाला। इस मौके पर डॉ. सुमन लता, डॉ. नीरज जोशी, डॉ. देवम, डॉ. गौतम, डॉ. अरविंद, डॉ. मनोज नौटियाल और गौरव मौजूद रहे।



