देहरादून, 16 अगस्त: चमोली जिले की नीति घाटी में भारी बारिश के बाद उफान पर आए तमक नाले में लापता सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के हवलदार पंकज की तलाश तेज करने के निर्देश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को दिए हैं। हवलदार पंकज के परिजनों की ओर से सोशल मीडिया पर सरकार से मदद की गुहार लगाए जाने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया।
खोज एवं बचाव अभियान में तेजी के निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने संबंधित अधिकारियों को खोज एवं बचाव अभियान पर लगातार नजर रखने और तलाश में हरसंभव तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। हवलदार पंकज की तलाश के लिए विभिन्न सुरक्षा और बचाव एजेंसियों की टीमें जुटी हुई हैं।
अभियान में सेना, बीआरओ, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), पुलिस, जिला प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें शामिल हैं।
परिवार से लगातार संपर्क में प्रशासन
पिथौरागढ़ निवासी हवलदार पंकज के परिजनों से जिलाधिकारी ने संवाद किया है। प्रशासन ने परिवार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री कार्यालय भी परिजनों के लगातार संपर्क में है और खोज एवं बचाव अभियान की प्रगति की जानकारी ले रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं हवलदार पंकज के परिजनों से दूरभाष पर बातचीत कर उनका हाल जाना। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार इस कठिन समय में पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है।
हरसंभव प्रयास का मुख्यमंत्री ने दिया भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का भी भरोसा दिया।
नीति घाटी में भारी बारिश के बाद तमक नाले में आए उफान के बाद हवलदार पंकज के लापता होने की सूचना है। उनकी तलाश में जुटी सभी एजेंसियों के अभियान पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।



