नई टिहरी, 13 अगस्त। प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण, प्रतिकर भुगतान और वन भूमि से जुड़े लंबित मामलों को लेकर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। लोनिवि के आठवें वृत्त कार्यालय में आयोजित बैठक में विधायक ने अधिकारियों को लंबित सड़क कार्यों में तेजी लाने और संबंधित प्रकरणों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।
प्रतिकर भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश
विधायक विक्रम सिंह नेगी ने एसई कलम सिंह नेगी को गोदड़ी से गढ़वाल गाड-देवीधार, भैंगा-जणगी-गोदड़ी सड़क से बेथाण तक और कोर्दी से बुरांशखंडा सड़क की प्रतिकर फाइल तैयार कर मुआवजा वितरण के निर्देश दिए।
बेथाण सड़क से जुड़े वन भूमि प्रकरण का वन विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय कर निस्तारण करने को कहा गया। इसी तरह प्रतापनगर बैंड से होमपाटा-तिमलीचक और मिश्रवाण गांव सड़क से संबंधित वन भूमि की स्वीकृति की कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए।
स्वीकृत सड़कों का निर्माण जल्द शुरू करने को कहा
विधायक ने लंबगांव बाईपास सड़क, बिजपुर-पनियाला मार्ग के किमी 8 से कांडा-जिवाला-रावतगांव, खंबाखाल-सिलोडा, पीपलडाली और म्यूंडा की स्वीकृत सड़कों का निर्माण जल्द शुरू करने को कहा।
मिश्रवाण गांव-थाला सड़क मार्ग को आवागमन के लिए तत्काल खोलने के निर्देश भी दिए गए। वहीं घोंटी पुल-चौंदाणा, कोपड़धार-चौंदाणा तथा कस्तल-सिल्ला-भटवाड़ा-सेमंडीधार सड़क का मुआवजा वितरित करने को कहा गया।
नई सड़कों के सर्वे और डीपीआर पर जोर
विधायक ने भटवाड़ा-खैट सड़क की ईडीपीआर तैयार करने और छेरपधार से कोलधार होते हुए बैरबागी सड़क का सर्वे करने के निर्देश दिए। बेलम बित्त्ता-उपला पड़िया सड़क से संबंधित आपत्ति का जल्द निस्तारण करने की बात भी कही गई।
इसके अलावा रिंग रोड कोटी-डोबरा, चांटी से पीपलडाली पुल, डोबरा एप्रोच, खिट्टा बैंड-घंडियाल देवता मंदिर, सेलूर-कोटी रौल्यालकी से बौरगांव मिसिंग लिंक, उप्पू से ओलाणी तक डामरीकरण, छतेड़ू गाड से खांड-भोनियाडा बैंड और आईटीआई-म्यूंडा सड़क के डामरीकरण के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में विधायक ने संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण से जुड़े कार्यों में आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया, ताकि लंबित कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।



