Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़उत्तरकाशी न्यूज़उत्तरकाशी जिला अस्पताल की बदहाल...

उत्तरकाशी जिला अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर यूकेडी का प्रदर्शन

उत्तरकाशी, 13 अगस्त। जिला अस्पताल उत्तरकाशी में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने नाराजगी जताई है। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर यूकेडी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग की और सीएमओ को ज्ञापन सौंपा।

विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद रिक्त होने पर नाराजगी

उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ता केंद्रीय महामंत्री किरन रावत के नेतृत्व में सीएमओ कार्यालय पहुंचे। उन्होंने उत्तरकाशी जिला अस्पताल में रिक्त चिकित्सक पदों और अन्य अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन किया।

किरन रावत ने कहा कि जिला अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ, त्वचा रोग विशेषज्ञ और सर्जन के पद पिछले एक माह से रिक्त हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में तैनात चिकित्सकों के स्थान पर अभी तक प्रतिस्थानी चिकित्सकों ने ज्वाइनिंग नहीं दी है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के कारण अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।

मरीजों को देहरादून और ऋषिकेश के लगाने पड़ रहे चक्कर

यूकेडी कार्यकर्ताओं ने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों से लोग उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन चिकित्सकों के अभाव में उन्हें हायर सेंटर देहरादून और ऋषिकेश के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

किरन रावत ने अस्पताल में दवाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में दवाओं का अभाव है और यहां तैनात चिकित्सकों द्वारा बाहर की दवाएं लिखी जा रही हैं। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

सीएमओ को सौंपा ज्ञापन

यूकेडी कार्यकर्ताओं ने सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर उत्तरकाशी जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में जल्द सुधार की मांग की। उन्होंने अस्पताल में रिक्त चिकित्सक पदों को भरने और व्यवस्थाओं को बेहतर करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रदर्शन करने वालों में जिला उपाध्यक्ष जगत सिंह रमोला, मीडिया प्रभारी पंकज, युवा अध्यक्ष सुरजीत राणा, सुमित नेगी, मोहित मथुरा, उमाशंकर भट्ट, अनुराग, जयवीर नेगी, सोनू नेगी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Popular Articles