Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़उत्तरकाशी न्यूज़बड़कोट में रक्षाबंधन पर उमड़ा...

बड़कोट में रक्षाबंधन पर उमड़ा महिलाओं का स्नेह, मनवीर सिंह चौहान को बांधी राखी

उत्तरकाशी, 26 अगस्त। नगर पालिका बड़कोट में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान की अगुवाई में रक्षाबंधन पर्व उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र की गंगा और यमुना घाटी समेत दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम में पहुंचीं। महिलाओं ने मनवीर सिंह चौहान की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

दीप प्रज्ज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान स्थानीय महिला संगीत मंडलियों और लोक कलाकारों ने भजन-कीर्तन के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रसिद्ध लोक गायिका मीना राणा ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति पर कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं और पुरुषों ने जमकर नृत्य किया।

रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी देखने को मिली। क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं के एकजुट होने से पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।

मनवीर सिंह चौहान ने बहनों का जताया आभार

कार्यक्रम में मनवीर सिंह चौहान ने पहुंचीं सभी बहनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बहनों का प्रेम और स्नेह हिंदू संस्कृति एवं सनातन परंपरा की पहचान है। भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते और परंपरा को संजोए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों का आशीर्वाद मिला तो भविष्य में यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर हजारों बहनों का यह संगम सनातन संस्कृति, परंपराओं और आपसी भाईचारे का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकजुटता को मजबूती मिलती है।

भाजपा कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अतोल रावत, अनुपमा रावत, भाजपा जिला महामंत्री परशुराम जुगड़ी, मंडल अध्यक्ष अमित रावत, शैलेंद्र कोहली, हरिमोहन चंद, तरवीन सिंह राणा सहित भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय लोग और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन तरवीन सिंह राणा ने किया।

Popular Articles