Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़देहरादून न्यूज़रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री धामी ने...

रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री धामी ने महिलाओं से बंधवाया रक्षा सूत्र, महिला सशक्तीकरण पर दिया जोर

देहरादून, 26 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेशभर से आई महिलाओं ने रक्षा सूत्र बांधा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया और प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पावन पर्व है। प्रदेश की मातृशक्ति और बहनों का स्नेह एवं आशीर्वाद उन्हें उत्तराखंड की सेवा और विकास के लिए निरंतर नई ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति परिवार की मजबूत आधारशिला होने के साथ-साथ समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं से महिलाओं और बेटियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी मातृशक्ति के कल्याण और स्वावलंबन के लिए लगातार कार्य कर रही है। राज्य सरकार की सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने तथा उनके आर्थिक सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री धामी ने बंधवाया रक्षा सूत्र
रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री धामी ने बंधवाया रक्षा सूत्र

उत्तराखंड में 3 लाख 09 हजार से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री की लखपति दीदी की परिकल्पना को उत्तराखंड में तेजी से धरातल पर उतारा गया है। प्रदेश में 3 लाख 09 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्थानीय उत्पादों, कृषि, हस्तशिल्प और विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों के माध्यम से अपनी आजीविका मजबूत करने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना, मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तीकरण योजना और मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों के स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आय बढ़ाने के लिए भी सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

राज्य निर्माण से विकास तक मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति ने राज्य निर्माण से लेकर प्रदेश के विकास तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, कृषि, स्वरोजगार, उद्यमिता और सामाजिक क्षेत्र सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी क्षमता का परिचय दे रही हैं। मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी से ही सशक्त उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी गीता पुष्कर धामी, विधायक सविता कपूर, आशा नौटियाल, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाएं मौजूद रहीं।

Popular Articles