धुमाकोट और संगलिया में चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं; लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
पौड़ी गढ़वाल, 25 जून। जनपद पौड़ी गढ़वाल के जिलाधिकारी ने बुधवार को दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों का व्यापक दौरा कर विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धुमाकोट, संगलिया और आसपास के गांवों का भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल व्यवस्था, आजीविका गतिविधियों और चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुमाकोट का निरीक्षण
भ्रमण की शुरुआत जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुमाकोट के निरीक्षण से की। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में कई कमियां सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
औषधि प्रबंधन पोर्टल के संचालन में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित फार्मासिस्ट के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही महिला चिकित्साधिकारी की अनुपस्थिति से उत्पन्न समस्याओं को देखते हुए नैनीडांडा से अस्थायी रूप से महिला चिकित्साधिकारी की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
ग्रामीणों से सीधे संवाद और समस्याओं का संज्ञान
धुमाकोट बाजार में जिलाधिकारी ने व्यापार सभा के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों ने कूड़ा निस्तारण, पार्किंग और बाजार क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को उठाया।
इसके बाद राजकीय प्राथमिक विद्यालय संगलिया में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों ने पेयजल, शिक्षा, कृषि, खेल और आजीविका से संबंधित समस्याएं सामने रखीं।
वन्यजीव सुरक्षा और रोजगार पर विशेष जोर
ग्रामीणों ने वन्यजीवों से सुरक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग भी रखी। इस पर जिलाधिकारी ने संवेदनशील क्षेत्रों में तारबाड़ लगाने के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने युवाओं को स्वरोजगार एवं रोजगार योजनाओं से जोड़ने के लिए सेवायोजन, युवा कल्याण और विकास विभाग को विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
आजीविका योजनाओं में अनियमितता पर कार्रवाई
चौपाल के दौरान महिलाओं ने आजीविका गतिविधियों और पीरूल संग्रहण के भुगतान में अनियमितता की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित फर्म को नोटिस जारी करते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति
इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य मुन्नी ध्यानी, ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी, ज्येष्ठ उप प्रमुख रेखा देवी, ग्राम प्रधान नरेंद्र रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला सेवायोजन अधिकारी राम सलोने, तथा उपजिलाधिकारी श्रेष्ठ गुनसोला सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


