पौड़ी गढ़वाल, 21 जून।
पाबौ और पैठाणी क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं को मिली गति, ग्रामीण विकास पर जोर
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को पाबौ और पैठाणी क्षेत्र के एक दिवसीय भ्रमण के दौरान सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पर्यटन से जुड़ी कई विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर सरकार की प्राथमिकता दोहराई।
सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम
भ्रमण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने बूंगा-सिमल्थ मोटर मार्ग से प्राथमिक विद्यालय बूंगा तक संपर्क मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके अलावा उन्होंने 7.37 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 6.40 किलोमीटर लंबे हिंवालीधार-सिरतोली मोटर मार्ग का भी शिलान्यास किया।
मंत्री ने कहा कि सड़क संपर्क बेहतर होने से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
शिक्षा और संस्कृत संरक्षण को बढ़ावा
डॉ. धन सिंह रावत ने संस्कृत विद्यालय ओड़लीनांदा में 34.74 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संस्कृत भारतीय संस्कृति, ज्ञान और परंपरा की आधारशिला है और इसके संरक्षण के लिए आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सुविधाएं आवश्यक हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
विकासखंड थलीसैंण के ग्राम पल्ली में लगभग 55.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्वास्थ्य उपकेंद्र का भूमि पूजन एवं शिलान्यास भी मंत्री द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि इस स्वास्थ्य उपकेंद्र के निर्माण से स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उनके गांव के पास ही उपलब्ध होंगी, जिससे दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।
ग्रामीण पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
इस दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने सिरतोली से ताराकुंड तक मोटर मार्ग विस्तार और ताराकुंड मंदिर के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव मंत्री के समक्ष रखा। इस पर मंत्री ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि वे 10 जुलाई से पूर्व क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पर्यटन विकास और सड़क विस्तार की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
ग्रामीण विकास सरकार की प्राथमिकता
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उद्देश्य गांवों को आत्मनिर्भर बनाना और पलायन को रोकना है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य भरत रावत, शिवचरण नौडियाल, ब्लॉक प्रमुख लता रावत, विमल नेगी, विजय रौथाण सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।


