पौड़ी गढ़वाल, 16 जून (वेब वार्ता)। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा श्रीनगर में विशेष सर्विलांस अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब की सहायता से विभिन्न खाद्य पदार्थों की मौके पर ही गुणवत्ता और संभावित मिलावट की जांच की गई।
अभियान के दौरान दूध एवं दुग्ध उत्पाद, खाद्य तेल, मसाले तथा मिठाइयों सहित विभिन्न श्रेणियों के कुल 176 नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। अब तक की प्रारंभिक जांच में छह नमूनों में गुणवत्ता संबंधी कमियां पाई गई हैं, जबकि शेष नमूनों की विस्तृत जांच प्रक्रिया अभी जारी है। विभाग ने संबंधित विक्रेताओं को इन कमियों की जानकारी देते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पी.सी. जोशी ने बताया कि मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से खाद्य पदार्थों में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी खामियों की त्वरित पहचान संभव हो पाती है। उन्होंने कहा कि यदि किसी उत्पाद में कमी या मिलावट की आशंका पाई जाती है, तो संबंधित विक्रेता को तुरंत सूचित किया जाता है, ताकि उत्पाद उपभोक्ताओं तक पहुंचने से पहले उसमें सुधार किया जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रकार के सर्विलांस अभियान से उन खाद्य पदार्थों की पहचान करने में सहायता मिलती है, जिनमें मिलावट की संभावना अधिक होती है। इससे ऐसे उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सकता है और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाती है। विभाग द्वारा संदिग्ध नमूनों को विस्तृत परीक्षण के लिए प्रयोगशाला में भेजने की प्रक्रिया भी अपनाई जाती है।
पी.सी. जोशी ने कहा कि विभाग केवल जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि खाद्य सुरक्षा और स्वच्छ खाद्य उपभोग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए भी लगातार प्रयास कर रहा है। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से आम लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थों की पहचान, मिलावट से बचाव और स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि आम उपभोक्ता भी अपने घरों में उपयोग होने वाली दैनिक खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच मोबाइल लैब में निःशुल्क करा सकते हैं। इससे उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़ रही है और वे अधिक सतर्क होकर खाद्य सामग्री का चयन कर पा रहे हैं।
इस अभियान में उपायुक्त (प्रयोगशाला) वीरेंद्र बिष्ट, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पी.सी. जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल, लैब एनालिस्ट अनुराग सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी और स्थानीय व्यापारियों ने भी सहयोग प्रदान किया।



