पौड़ी गढ़वाल, 30 जून। गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने मंगलवार को मंडलीय सभागार में निर्माण एवं अवसंरचना से जुड़े 14 विभागों की समीक्षा बैठक में विकास परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया। साथ ही चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और बाधारहित बनाने के लिए विशेष कार्ययोजना पर प्रभावी ढंग से अमल करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता के निर्देश
बैठक में आयुक्त ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निर्बाध आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर चिन्हित संवेदनशील और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का प्राथमिकता के आधार पर उपचार किया जाए।
उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर हर वर्ष भूस्खलन की समस्या सामने आती है, वहां केवल अस्थायी उपायों के बजाय स्थायी सुरक्षा कार्य किए जाएं, ताकि भविष्य में यात्रा प्रभावित न हो।
अधूरी परियोजनाओं को इस वर्ष पूरा करने के निर्देश
आयुक्त आनंद स्वरूप ने बाईपास, सुरंगों और प्रमुख सड़क परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है, उन्हें इसी वर्ष पूर्ण कर आम जनता को समर्पित किया जाए।
उन्होंने संबंधित विभागों से कार्यों की प्रगति में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होने देने और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधानसभावार विकास कार्यों का मांगा विस्तृत ब्यौरा
बैठक में आयुक्त ने गढ़वाल मंडल की सभी 41 विधानसभा क्षेत्रों में संचालित विकास योजनाओं का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसमें प्रत्येक परियोजना की स्वीकृत धनराशि, कार्य प्रारंभ होने की तिथि, वर्तमान प्रगति और पूर्णता की स्थिति शामिल करने को कहा गया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की पूर्ण और अपूर्ण स्थिति का अद्यतन विवरण भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि लंबित परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जा सके।
वर्षाकाल में सड़क व्यवस्था पर विशेष निगरानी
आयुक्त ने वर्षाकाल को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को प्रतिदिन बंद और चालू सड़कों की अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा या भूस्खलन से प्रभावित सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर की जाए, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
उन्होंने मंडलीय अधिकारियों को नियमित रूप से जनपदों का भ्रमण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण करने तथा कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अर्थ एवं संख्या अधिकारी (मंडलीय) शिल्पा भाटिया जोशी, मुख्य अभियंता स्तर-एक लोक निर्माण विभाग ओम प्रकाश, अधीक्षण अभियंता महिपाल सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


