देहरादून, 01 जुलाई। उत्तराखंड में मानसून (दक्षिण-पश्चिम) अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। इसके प्रभाव से राजधानी देहरादून सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में लगातार रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने एक और दो जुलाई के लिए देहरादून, बागेश्वर समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। संभावित मौसमीय परिस्थितियों को देखते हुए राज्य प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
देहरादून में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहावना
बुधवार सुबह से ही देहरादून में घने बादलों का डेरा बना रहा। सुबह लगभग दस बजे के बाद संतलादेवी, राजपुर रोड, घंटाघर, आईएसबीटी और शहर के अन्य इलाकों में मध्यम से तेज बारिश शुरू हो गई। लगातार वर्षा के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे कई दिनों से बनी उमस से लोगों को राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
कई जिलों में भारी वर्षा और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मानसून के राज्य के शेष हिस्सों में भी आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। एक जुलाई को देहरादून और बागेश्वर में तथा दो जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा हरिद्वार, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली सहित कई जिलों में भी भारी बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।
प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता, लोगों से सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग के अलर्ट के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने, राहत एवं बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रखने तथा किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने नागरिकों से मौसम संबंधी सभी सलाह का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। वहीं, देहरादून के जिलाधिकारी आशीष चौहान ने लोगों को नदी-नालों, गधेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
कई क्षेत्रों में दर्ज हुई उल्लेखनीय वर्षा
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। पिथौरागढ़ में 68.3 मिलीमीटर, देहरादून में 62.0 मिलीमीटर, बनबसा और चंपावत में 61-61 मिलीमीटर तथा गरुड़ में 60.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं स्वचालित मौसम केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार डंगोली में 98.0 मिलीमीटर और कौसानी में 80.0 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जो मानसून की सक्रियता को दर्शाती है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने, पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। लगातार सक्रिय हो रहे मानसून को देखते हुए आगामी कुछ दिन उत्तराखंड के लिए संवेदनशील माने जा रहे हैं।


