Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeविश्वअमेरिकाडेलावेयर ने 15 अगस्त को...

डेलावेयर ने 15 अगस्त को ‘भारत दिवस’ घोषित किया, भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान को सराहा

न्यूयॉर्क, 13 अगस्त। अमेरिका के विभिन्न राज्यों में 15 अगस्त 2026 को भारत के स्वतंत्रता दिवस के रूप में मनाने को लेकर घोषणाएं की जा रही हैं। इसी क्रम में अब डेलावेयर ने 15 अगस्त 2026 को ‘भारत दिवस’ घोषित किया है। इससे भारत की विरासत, विविधता और अमेरिका के सामाजिक ताने-बाने में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के बढ़ते योगदान को रेखांकित किया गया है।

न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और मैसाचुसेट्स के बाद डेलावेयर ऐसा करने वाला नया राज्य है। डेलावेयर के गवर्नर मैथ्यू मेयर द्वारा हस्ताक्षरित घोषणा में राज्य के विभिन्न समुदायों में मौजूद संस्कृतियों और परंपराओं को डेलावेयर की मजबूती का आधार बताया गया है। इसमें तेजी से बढ़ते भारतीय-अमेरिकी समुदाय की भूमिका को भी विशेष रूप से रेखांकित किया गया है।

भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान को मिली मान्यता

घोषणा में कहा गया है कि भारतीय विरासत वाले डेलावेयरवासियों ने राज्य के विभिन्न समुदायों में अपने काम, नेतृत्व और सेवा के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके योगदान ने साझा समृद्धि को बढ़ावा दिया है और आने वाली पीढ़ियों के लिए अवसर पैदा किए हैं।

घोषणा में भारत के इतिहास की भाषाओं, परंपराओं, आस्थाओं और रीति-रिवाजों की असाधारण विविधता का भी उल्लेख किया गया है। इसमें कहा गया है कि भारतीय-अमेरिकियों की कई पीढ़ियों ने अमेरिका में अपने जीवन और समुदायों का निर्माण करने के साथ इन परंपराओं को भी आगे बढ़ाया है।

‘भारत दिवस’ मनाने का किया आह्वान

डेलावेयर की घोषणा के अनुसार, ‘भारत दिवस’ भारत की स्वतंत्रता का सम्मान करने के साथ-साथ डेलावेयर के भारतीय-अमेरिकी समुदाय की विरासत और उपलब्धियों का उत्सव मनाने का अवसर है। यह समुदायों और भारत के लोगों के बीच कायम मजबूत संबंधों को पहचानने का भी अवसर प्रदान करता है।

गवर्नर मैथ्यू मेयर ने घोषणा के माध्यम से सभी नागरिकों से ‘भारत दिवस’ मनाने, डेलावेयर के भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान को पहचानने और समुदायों तथा भारत के लोगों के बीच मजबूत एवं स्थायी संबंधों का सम्मान करने का आह्वान किया।

न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी ने भी की घोषणा

डेलावेयर से एक दिन पहले न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होकुल और न्यू जर्सी की गवर्नर मिकी शेरिल ने भी 15 अगस्त 2026 को अपने-अपने राज्यों में ‘भारत के स्वतंत्रता दिवस’ के रूप में मान्यता देने की घोषणा जारी की थी।

इस महीने की शुरुआत में मैसाचुसेट्स की गवर्नर माउरा हीली ने भी 15 अगस्त को ‘भारत दिवस’ घोषित किया था और राज्य में भारतीय प्रवासी समुदाय के योगदान को मान्यता दी थी।

अमेरिका में होते हैं स्वतंत्रता दिवस के विशेष आयोजन

हर वर्ष 15 अगस्त को भारत का स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए अमेरिका के विभिन्न राज्यों और शहरों में भारतीय दूतावास, वाणिज्य दूतावासों तथा संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की ओर से विशेष आयोजन किए जाते हैं। इनमें ध्वजारोहण समारोह, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य विशेष आयोजन शामिल होते हैं।

डेलावेयर द्वारा 15 अगस्त 2026 को ‘भारत दिवस’ घोषित किए जाने के साथ भारतीय विरासत और भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान को सम्मानित करने वाले अमेरिकी राज्यों की सूची में एक और नाम जुड़ गया है।

Popular Articles