Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeविश्वअमेरिकावाशिंगटन और ईरान के बीच...

वाशिंगटन और ईरान के बीच बढ़ा सैन्य तनाव, होर्मुज में तीन तेल टैंकरों पर हमला

वाशिंगटन/तेहरान, 06 सितंबर। पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच वाशिंगटन और ईरान के बीच टकराव अब समुद्री क्षेत्र तक पहुंच गया है। होर्मुज जलडमरूमध्य और उसके आसपास का इलाका रॉकेट, ड्रोन और मिसाइल हमलों की चपेट में है। अमेरिकी बलों ने ईरान के तीन कच्चे तेल के टैंकरों को निशाना बनाया है। इसके कुछ घंटे पहले ईरान ने अमेरिकी नौसेना के दो जहाजों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं।

ईरान ने अमेरिकी युद्धपोतों पर दागीं मिसाइलें

अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, ईरान ने अमेरिकी नौसेना के दो जहाजों को निशाना बनाकर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। अमेरिकी युद्धपोत इन मिसाइलों से बचने में सफल रहे। हमले में किसी अमेरिकी सैन्यकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है और किसी अमेरिकी युद्धपोत को नुकसान नहीं पहुंचा।

इसके कुछ घंटे बाद अमेरिकी बलों ने फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी में ईरान के तीन कच्चे तेल के टैंकरों पर हमला किया। इस कार्रवाई को वाशिंगटन और ईरान के बीच जारी सैन्य टकराव में एक महत्वपूर्ण वृद्धि के तौर पर देखा जा रहा है।

तीन ईरानी तेल टैंकरों को किया निष्क्रिय

सीबीएस न्यूज और अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड की ओर से एक अमेरिकी विमानवाहक पोत और निर्देशित मिसाइल विध्वंसक पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागे जाने के बाद अमेरिका ने तीन ईरानी तेल टैंकरों को निशाना बनाया।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि फारस की खाड़ी में तीन ईरानी तेल टैंकरों को स्थायी रूप से निष्क्रिय कर दिया गया। इस हमले में किसी अमेरिकी युद्धपोत के क्षतिग्रस्त होने या किसी सैन्यकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।

तेल टैंकरों पर हुए हमलों के बीच क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही पहले से प्रभावित है। संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में भी अस्थिरता बढ़ी है। ऐसे में समुद्री परिवहन और ऊर्जा आपूर्ति की सुरक्षा को लेकर चिंता और गहरा गई है।

ईरान ने जवाबी कार्रवाई का किया दावा

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा कि शनिवार सुबह ईरानी टैंकरों पर अमेरिकी हमलों के जवाब में उनकी नौसेना ने कई जहाजों को निशाना बनाया। इनमें कथित तौर पर अमेरिका से जुड़े जहाज भी शामिल हैं।

गार्ड्स ने एक बयान में कहा कि उनकी नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के अनधिकृत रास्ते पर तीन तेल टैंकरों और अन्य इलाकों में अमेरिका से जुड़े तीन जहाजों को निशाना बनाया। ईरान ने दूसरे जहाजों को चेतावनी दी कि वे बिना मंजूरी वाले रास्तों से गुजरने की कोशिश न करें। हालांकि, अमेरिका ने इस दावे की तत्काल पुष्टि नहीं की।

अमेरिका को ईरान की कड़ी चेतावनी

ईरान ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका शिपिंग पर हमले जारी रखता है, तो अमेरिकी जहाजों के खिलाफ हमले और अधिक गंभीर होंगे। इजराइल के इंस्टीट्यूट फॉर नेशनल सिक्योरिटी स्टडीज में ईरान मामलों के विशेषज्ञ डैनी सिट्रिनोविच ने एक्स पर कहा कि ईरान की ओर से अमेरिकी विमानवाहक पोत को बैलिस्टिक मिसाइल से निशाना बनाया जाना महत्वपूर्ण संकेत है।

उनके अनुसार, इससे पता चलता है कि तेहरान अब उन जोखिमों को उठाने के लिए अधिक तैयार हो रहा है, जिनसे वह पहले बचना चाहता था।

ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के सदस्य और प्रवक्ता हसन घशघवी ने अमेरिकी युद्धपोतों पर हुए हमलों को अमेरिका के साथ अस्तित्व की लड़ाई का हिस्सा बताया। उनका कहना है कि वाशिंगटन की नौसैनिक नाकाबंदी कभी होनी ही नहीं चाहिए थी।

वाशिंगटन और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य टकराव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकरों को निशाना बनाए जाने से समुद्री सुरक्षा और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं और बढ़ गई हैं।

Popular Articles