देहरादून, 13 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पलायन रोकने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने, उत्तराखंड को उच्च शिक्षा का हब बनाने, विज्ञान, तकनीक और AI के दौर में रोजगार की नई संभावनाओं तथा देहरादून में यातायात जाम की समस्या के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे।
युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर सरकार का फोकस
पलायन रोकने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने से संबंधित सवाल पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में रिवर्स माइग्रेशन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और सौर स्वरोजगार योजना के साथ पर्यटन, उद्योग और फिल्म नीति के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने और उनके माध्यम से स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए भी राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।
उत्तराखंड में उच्च शिक्षा को मजबूत करने पर जोर
उत्तराखंड को उच्च शिक्षा का हब बनाने से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उच्च शिक्षण संस्थानों के आधुनिकीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने बताया कि देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है। इससे प्रदेश में विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही युवाओं को आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
AI और तकनीक के दौर में ‘फ्यूचर रेडी’ बनें युवा
विज्ञान, तकनीक और AI के बढ़ते प्रभाव के बीच रोजगार की संभावनाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी बदलावों के साथ रोजगार के स्वरूप में परिवर्तन हो रहा है और नई संभावनाएं भी तेजी से सामने आ रही हैं।
उन्होंने युवाओं से बदलती तकनीक के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करने और ‘फ्यूचर रेडी’ बनने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भी युवाओं को आधुनिक कौशल और नई तकनीकों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।ead:
देहरादून में जाम की समस्या के स्थायी समाधान पर काम
देहरादून में यातायात जाम की समस्या पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इसके स्थायी समाधान की दिशा में गंभीरता से काम कर रही है। बिंदाल और रिस्पना नदी के ऊपर एलिवेटेड रोड के निर्माण की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इन परियोजनाओं के पूरा होने से देहरादून शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और जाम की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।



