नई टिहरी, 31 अगस्त। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित टिहरी जनता मिलन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। कार्यक्रम में कुल 42 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि एक ही शिकायत बार-बार सामने न आए।
पर्यटन सड़क से मकान की छत क्षतिग्रस्त होने की शिकायत
पाली गांव की अंजना देवी ने निर्माणाधीन पर्यटन सड़क के कारण उनके आवास की छत क्षतिग्रस्त होने की शिकायत रखी। मामले में जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करने और रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
श्रमिक कार्ड के नाम पर धनराशि मांगने की शिकायत
लंबगांव निवासी केशव रावत ने प्रतापनगर सहित जिले में श्रमिक कार्ड बनवाने के नाम पर ठेकेदारों द्वारा प्रमाणपत्र के लिए धनराशि लिए जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी को मामले की जांच करने और श्रमिक पंजीकरण का सत्यापन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी सीएससी केंद्र के स्तर पर भी अनियमितता सामने आती है तो संबंधित केंद्र का पंजीकरण निरस्त किया जाए।
लापता महिला के मामले में निष्पक्ष जांच के निर्देश
मोटणा के प्रधान प्रदीप सिंह ने 25 दिनों से लापता रेशमा देवी का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने की जानकारी दी। उन्होंने ससुराल पक्ष की भूमिका संदिग्ध होने की बात भी रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए।
दिखोल गांव निवासी दिव्यांग जसपाल सिंह ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। वहीं, मांजाफ की मंजू देवी और ललिता देवी ने आर्थिक सहायता की मांग की।


